Latest Posts
   
home उत्तरप्रदेश बदायूँ बरेली राष्ट्रीय 

दीवार गिरने से दो मासूम चचेरे भाई-बहन की दर्दनाक मौत, गांव में पसरा मातम

बरेली/आंवला।अलीगंज थाना क्षेत्र के ग्राम कैनी इंचारौ झूनानगर में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में दो मासूम बच्चों की मलबे में दबकर मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 6:30 बजे अंशु (8 वर्ष) पुत्र अजीत और कृष्का (6 वर्ष) पुत्री राजेश उर्फ नन्हें, जो चचेरे भाई-बहन थे, नाश्ते के लिए पापड़ लेने परचून की दुकान पर गए थे। वापस लौटते समय रास्ते में एक पक्की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई, जिसकी चपेट में आने से दोनों बच्चे मलबे में दब गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

घटना की सूचना ग्रामीणों ने तत्काल डायल 112 को दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और अलीगंज थाना पुलिस को अवगत कराया। इसके बाद एसआई बलवीर सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे और वरिष्ठ अधिकारियों को घटना की जानकारी दी।

कुछ ही देर बाद आंवला तहसीलदार वृजेश कुमार वर्मा भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार को शासन की ओर से दोनों मृतक बच्चों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता दिलाने का आश्वासन दिया।

पुलिस ने दोनों बच्चों के शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौके पर लेखपाल की टीम ने भी पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी।

ग्रामीणों के अनुसार, दोनों बच्चों के पिता पंजाब में मजदूरी करते हैं। हादसे की सूचना उन्हें दे दी गई है और वे गांव के लिए रवाना हो चुके हैं। इस हृदयविदारक घटना से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

Related posts

Leave a Comment

error: Content is protected !!