गजरौला-बरखेड़ा मुख्य मार्ग पर पलटा सीमेंट से लदा ट्रक, बड़े वाहनों का आवागमन ठप
बरखेड़ा (पीलीभीत)।गजरौला-बरखेड़ा मुख्य मार्ग पर प्रतापडाण्डी गांव के पास एक बड़ा हादसा सामने आया है, जहाँ निर्माणाधीन पुलिया के लिए बनाए गए वैकल्पिक रास्ते पर एक अनियंत्रित ट्रक पलट गया। इस हादसे के बाद से मार्ग पर बड़े वाहनों और चार पहिया वाहनों का आवागमन पूरी तरह से बंद हो गया है। गनीमत यह रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
मिट्टी धंसने से पानी में पलटा ट्रक, 500 बोरी सीमेंट बर्बाद
ट्रक चालक नीरज ने बताया कि आज गुरुवार सुबह करीब 5 बजे वह अपना ट्रक (जिसमें 500 बोरी सीमेंट लदा था) बरेली से पूरनपुर लेकर जा रहा था। जैसे ही ट्रक प्रतापडाण्डी गांव के पास बने वैकल्पिक रास्ते से गुजर रहा था, अचानक एक तरफ की मिट्टी धंस गई। मिट्टी धंसने के कारण ट्रक का संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे पानी में जा पलटा।
ट्रक के पानी में डूबने के कारण उसमें लदी सभी 500 बोरी सीमेंट पूरी तरह से भीगकर बर्बाद हो गई है। हादसे में ट्रक के क्लीनर (कंडक्टर) वीरू को मामूली चोटें आई हैं, जिसका प्राथमिक उपचार करा दिया गया है।
स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर गहरा आक्रोश है। ज्ञात हो कि करीब डेढ़ वर्ष पूर्व आई बाढ़ में यह पुलिया क्षतिग्रस्त हो गई थी। विभाग और ठेकेदार की कछुआ गति और लापरवाही के चलते डेढ़ साल बाद भी इसका निर्माण पूरा नहीं हो सका है।
अब मानसून शुरू होते ही विभाग की पोल खुल गई है। वैकल्पिक रास्ता धंसने से इस मुख्य मार्ग का आवागमन पूरी तरह ठप हो गया है।वर्तमान में केवल दुपहिया वाहन या खाली ई-रिक्शा ही किसी तरह जान जोखिम में डालकर निकल पा रहे हैं।
वहीं ई-रिक्शा चालकों को अपनी सवारियों को पुलिया से पहले ही उतारना पड़ रहा है, जिसके बाद लोग पैदल ही इस खतरनाक रास्ते को पार करने को मजबूर हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने पूर्व में भी क्षेत्र की इस गंभीर समस्या को लेकर संबंधित विभाग को कई बार लिखित शिकायतें सौंपी थीं और जल्द से जल्द पुलिया निर्माण की मांग की थी। लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। अगर समय रहते पक्का निर्माण करा दिया गया होता, तो आज न तो यह हादसा होता और न ही हजारों लोगों का रास्ता बंद होता।
ग्रामीणों ने अब प्रशासन से मांग की है कि तत्काल प्रभाव से मार्ग को सुचारू कराया जाए और लापरवाही बरतने वाले ठेकेदार व अधिकारियों पर कार्रवाई की जाए।
