शातिर वाहन चोर को किया गिरफ्तार, तीन चोरी की बाइक बरामद
पीलीभीत।अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना बरखेड़ा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर चोरी की तीन मोटरसाइकिलें और एक मोबाइल फोन बरामद किया है।पुलिस के अनुसार, रविवार को थाना बरखेड़ा पुलिस टीम क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान ग्राम रम्पुरा नत्थू की ओर से बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल पर आ रहे एक युवक को पुलिस ने रोककर कागजात मांगे। युवक कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। संदेह होने पर पुलिस ने मोटरसाइकिल की जांच की तो वह हीरो स्प्लेण्डर प्लस नंबर UP 26AA 3811 निकली, जो थाना बरखेड़ा में दर्ज चोरी के मुकदमे से संबंधित थी।पुलिस ने मौके से अभिषेक पुत्र रामनाथ, निवासी ग्राम आजमपुर बरखेड़ा, थाना बिलसंडा, पीलीभीत, को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद अभियुक्त की निशानदेही पर पुलिस ने दो अन्य चोरी की मोटरसाइकिलें UP 26K 8303 और UP 26AK 5409 भी बरामद कीं। इसके अलावा उसके पास से एक रीयलमी मोबाइल फोन बरामद हुआ।पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ बिलसंडा, बीसलपुर और बरखेड़ा थानों में चोरी समेत विभिन्न धाराओं में कई मुकदमे पहले से दर्ज हैं। बरामदगी के आधार पर संबंधित मुकदमों में आवश्यक धाराओं की वृद्धि की गई है।गिरफ्तार अभियुक्त को पुलिस ने विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक सतेन्द्र कुमार, उपनिरीक्षक औसाफ अली, उपनिरीक्षक प्रदीप कुमार, प्रदीप कुमार, सौरभ कुमार, आशीष, अंलकत शामिल रहे।
