बरसात में शीशम का पेड़ गिरने से खेत से लौट रहे वृद्ध की दर्दनाक मौत, परिवार में मचा कोहराम
बरखेड़ा :बरसात के दौरान बरखेड़ा-गजरौला मार्ग पर एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। मार्ग के किनारे खड़ा एक शीशम का पेड़ अचानक गिर गया, जिसकी चपेट में आने से 62 वर्षीय वृद्ध मुन्ना लाल पुत्र रामचन्द्र की दबकर मौत हो गई।
यह घटना सुबह करीब 8 बजे भोपतपुर गांव के पास उस समय हुई, जब मुन्ना लाल अपने खेत से कार्य पूरा कर वापस घर लौट रहे थे। अचानक पेड़ गिरने से वह उसके नीचे दब गए। हादसे की सूचना मिलते ही ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और परिजनों की मदद से उन्हें पेड़ के नीचे से बाहर निकाला। इसके बाद एम्बुलेंस की मदद से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरखेड़ा लाया गया, जहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक मुन्ना लाल अपने छोटे बेटे अर्जुन के साथ रहते थे। अचानक हुई इस अप्रत्याशित घटना से उनकी पत्नी इंद्रवती का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। मृतक के बड़े पुत्र हरिओम की ओर से पुलिस को पोस्टमार्टम के लिए तहरीर दे दी गई है।पुलिस ने शब को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया ।
पूरी रात बरसात होने से पेड़ की जड़ की मिट्टी बहने के कारण पेड़ गिरा था।
