भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त, जलभराव और घरों में घुसा पानी
बरखेड़ा:मंगलवार रात से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते बरखेड़ा क्षेत्र में जनजीवन पूरी तरह से अस्त-व्यस्त हो गया है। जगह-जगह भारी जलभराव होने से लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। कस्बा बरखेड़ा के वार्ड संख्या 1, 4, 6 और 10 में हालात सबसे अधिक खराब हैं, जहां कई गलियां पूरी तरह से नहर में तब्दील हो गई हैं। स्थिति यह है कि गलियों में भरा गंदा पानी अब सीधे लोगों के घरों के अंदर तक पहुंच गया है।
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि नगर पंचायत द्वारा नालियों के पानी की समुचित निकासी के लिए कोई प्रभावी व्यवस्था नहीं की गई है, जिसके कारण मामूली बारिश में भी बाढ़ जैसे हालात बन जाते हैं। इस व्यवस्था की लाचारी को लेकर कस्बावासियों में नगर पंचायत प्रशासन के खिलाफ भारी रोष व्याप्त है।
घरों में घुसा नाली का गंदा पानी, ग्रामीणों में आक्रोश
ग्रामीण अंचलों में भी जल निकासी के इंतजामों की पोल खुलती नजर आ रही है। क्षेत्र के पोंटा कलां गांव में सड़क से बाजार जाने वाले मुख्य मार्ग पर भारी जलभराव हो गया है। सड़क पर पानी भरने के कारण नाली का गंदा पानी लोगों के घरों में घुस गया है, जिससे ग्रामीणों का जीना मुहाल हो गया है।
ग्रामीणों ने इस लापरवाही के लिए ग्राम प्रधान और ग्राम सचिव को सीधे तौर पर जिम्मेदार ठहराया है। उनका कहना है कि यदि समय रहते जल निकासी को लेकर कोई ठोस कदम उठाए जाते, तो आज जनता को इस तरह का भारी खामियाजा न भुगतना पड़ता।
