बंद पड़े भट्ठे पर चल रही थी अवैध तमंचों की फैक्ट्री, पुलिस ने छापा मारकर 4 आरोपियों को दबोचा
रिपोर्ट – नन्दकिशोर शर्मा
बरेली। आंवला थाना क्षेत्र में बंद पड़े भट्ठे पर अवैध असलहा बनाने की फैक्ट्री का पुलिस ने खुलासा किया है। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने देर रात छापेमारी कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। मौके से 12 देशी तमंचे, एक पौनिया, एक देशी रायफल, कारतूस और बड़ी संख्या में असलहा बनाने के उपकरण बरामद किए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, मनौना से आगे बंद पड़े भट्ठे पर कुछ लोगों द्वारा अवैध हथियार बनाने की सूचना मिली थी। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर मौके से चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान योगेंद्र प्रताप सिंह, रजत प्रताप सिंह उर्फ शंकर, रामगोपाल और अवधेश के रूप में हुई है। आरोपियों के कब्जे से 315 बोर के 12 तमंचे, एक पौनिया, एक देशी रायफल और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। इसके अलावा सात लोहे की नाल, दो ट्रिगर, पांच स्प्रिंग, एक ट्रिगर गार्ड समेत असलहा बनाने के उपकरण भी पुलिस ने बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में रामगोपाल और अवधेश ने अवैध तमंचे बनाने और पुराने हथियारों की मरम्मत करने की बात बताई है। वहीं योगेंद्र और रजत पर तैयार हथियार खरीदकर आगे बेचने का आरोप है।
पुलिस ने मौके से ब्रेजा कार और चार मोबाइल फोन भी कब्जे में लिए हैं। चारों आरोपियों के खिलाफ आंवला थाने में आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। बरामद ब्रेजा कार को एमवी एक्ट की धारा 207 के तहत सीज किया गया है।
पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर अवैध हथियारों के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।
