Latest Posts
   
home उत्तरप्रदेश बदायूँ बरेली राज्य 

ग्राम प्रहरियों का मानदेय बढ़कर हुआ ₹3500, मिलेगा 5 लाख तक का मुफ्त इलाज:CM योगी

बरेली। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को बरेली में ग्राम प्रहरियों (चौकीदारों) को सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने ग्राम प्रहरियों के लिए खजाना खोलते हुए उनके मानदेय में बढ़ोतरी की बड़ी घोषणा की। सीएम योगी ने बताया कि अब ग्राम प्रहरियों का मानदेय 2500 रुपये से बढ़ाकर 3500 रुपये प्रतिमाह कर दिया गया है। इसके साथ ही उन्हें और उनके परिवार को प्रतिवर्ष पांच लाख रुपये तक की कैशलेस (मुफ्त) उपचार की सुविधा भी दी जाएगी।
बेटियों से गुस्ताखी की तो अगले चौराहे पर मिलेगा यमराज
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने पिछली सरकारों की कानून-व्यवस्था पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि 2017 से पहले जो सत्ता में बैठे थे, वही लूट-खसोट और डकैती करवाते थे; “जो रहनुमा थे, वही चोर थे।” सीएम ने अपराधियों को सख्त लहजे में चेतावनी देते हुए कहा कि आज अपराधियों में कानून का खौफ है। अगर कोई बेटियों के साथ गुस्ताखी करता है, तो अगले चौराहे पर यमराज उसका इंतजार कर रहे होते हैं।
बदल चुका है उत्तर प्रदेश, अब त्योहारों पर नहीं होते उपद्रव
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश अब पूरी तरह बदल चुका है और बरेली इसका सबसे बड़ा प्रमाण है। उन्होंने कहा कि 2017 से पहले यहां त्योहारों पर उपद्रव होते थे, लेकिन आज लोग सुरक्षित माहौल में पर्व मना रहे हैं। प्रदेश के हर गांव में लोग निडर होकर शारदीय नवरात्र से जुड़ रहे हैं और देवी मां के दर्शन कर रहे हैं। सुरक्षित यूपी बनने से देश-दुनिया में प्रदेश की धारणा बदली है। पहले चंद लोगों की गलतियों का खामियाजा 25 करोड़ जनता, नौजवानों और व्यापारियों को भुगतना पड़ता था, लेकिन आज दूसरे राज्य भी यूपी जैसा बनना चाहते हैं।
गांव के ‘सीसीटीवी’ हैं ग्राम प्रहरी
सीएम योगी ने ग्राम प्रहरियों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए उन्हें गांव का ‘सीसीटीवी’ करार दिया। उन्होंने प्रहरियों से कहा कि वे गांव में रहकर सूचनाएं एकत्र करें और अपने थानाध्यक्ष या दरोगा तक पहुंचाएं।
मानदेय का जिक्र करते हुए सीएम ने बताया कि 2017 से पहले ग्राम प्रहरियों को मात्र 1500 रुपये मिलते थे। 2019 में हमारी सरकार ने इसे बढ़ाकर 2500 रुपये किया और इसी क्रम को आगे बढ़ाते हुए अब इसे 3500 रुपये कर दिया गया है। जब पुलिस को अच्छी ट्रेनिंग व सुविधाएं मिल रही हैं, तो होमगार्ड, पीआरडी और ग्राम प्रहरियों को भी इसका लाभ मिलना चाहिए।
अंत में मुख्यमंत्री ने कहा कि सम्मान, सुरक्षा और स्वावलंबन ही वर्तमान माहौल का आधार है। सुरक्षा के इस बेहतर माहौल से सड़कें बन रही हैं, निवेश आ रहा है और रोजगार के नए अवसर पैदा हो रहे हैं। लोगों में यह पक्का विश्वास जगा है कि अब उन्हें आगे बढ़ने से कोई नहीं रोक सकता।

Current News

Leave a Comment

error: Content is protected !!