किशोर को सांप ने डसा, हालत गंभीर
बरखेड़ा । बीसलपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव जोगीठेर में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। घर के अंदर मचान से सामान उतार रहे 16 वर्षीय किशोर को जहरीले सांप ने डस लिया। सर्पदंश के बाद किशोर की हालत बिगड़ने पर परिजनों में कोहराम मच गया। आनन-फानन में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरखेड़ा लाया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया है।
गांव जोगीठेर निवासी वीरेंद्र कुमार का 16 वर्षीय पुत्र सुमित शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे अपने घर के अंदर बने मचान पर रखा कुछ सामान उतार रहा था। सुमित को इस बात की भनक नहीं थी कि मचान पर कोई जहरीला जीव छिपा बैठा है। जैसे ही उसने हाथ बढ़ाकर सामान उठाना चाहा, वहां पहले से मौजूद सांप ने उसकी उंगली में डस लिया।
सांप के डसने के बाद कुछ ही देर में सुमित की तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी और शरीर में जहर फैलने के लक्षण दिखने लगे। किशोर की हालत देख परिजनों के होश उड़ गए। वे तुरंत उसे लेकर सीएचसी बरखेड़ा पहुंचे। वहां आपातकालीन कक्ष में मौजूद चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार देकर उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उसका इलाज जारी है।