गन्ने से भरी ट्राली की टक्कर में सीएचओ गंभीर घायल, जिला अस्पताल रेफर
बरखेड़ा।बिलसंडा क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग में कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर (सीएचओ) के पद पर तैनात एक युवक शुक्रवार को ड्यूटी से लौटते समय सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया। बरखेड़ा-नवाबगंज मार्ग पर ग्राम गाजीपुर कुंडा के पास सामने से आ रही गन्ने से लदी ट्राली ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे के बाद राहगीरों की मदद से घायल को सीएचसी बरखेड़ा पहुंचाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
घायल बाइक सवार के साथी केशव गंगवार निवासी बाहर जगीर थाना कियोलरिया बरेली के अनुसार, बरेली जिले के थाना क्योंलड़िया क्षेत्र के अमीरनगर निवासी रंजीत कुमार (28) पुत्र हरिओम गंगवार बिलसंडा में स्वास्थ्य विभाग में सीएचओ के पद पर कार्यरत हैं। शुक्रवार को वह ड्यूटी समाप्त कर बाइक से घर लौट रहे थे। जैसे ही वह बरखेड़ा-नवाबगंज मार्ग पर ग्राम गाजीपुर कुंडा के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रही गन्ने से भरी ट्राली से उनकी बाइक की भिड़ंत हो गई।
टक्कर इतनी तेज थी कि रंजीत कुमार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर जुटे राहगीरों ने तुरंत घटना की सूचना दी और एंबुलेंस की मदद से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरखेड़ा भिजवाया। सीएचसी के चिकित्सकों ने घायल की नाजुक स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।