बी फार्मा के छात्र की गोली मारकर हत्या, खेत में मिला शव, परिवार में मचा कोहराम

बरेली। सीबीगंज थाना क्षेत्र के बादशाहनगर गांव में 22 वर्षीय बी फार्मा छात्र मिथुन मौर्य पुत्र भूपराम मौर्य की गोली मारकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। छात्र का शव गांव के पास खड़ौआ जाने वाले रास्ते पर इंडियन बैंक के सामने खेत में पड़ा मिला। उसके कान के पास गोली लगने का निशान बताया जा रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
मृतक की पहचान मिथुन मौर्य (22) पुत्र भूपराम मौर्य निवासी बादशाहनगर, थाना सीबीगंज, बरेली के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, मिथुन बी फार्मा की पढ़ाई कर रहा था। गुरुवार शाम करीब पांच बजे वह घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिवार के लोगों ने उसके मोबाइल फोन पर कई बार कॉल की, लेकिन उसने फोन रिसीव नहीं किया।
परिजनों ने रात में भी उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। शनिवार सुबह परिवार के लोग थाने पहुंचे और गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान गांव के एक राहगीर ने खेत में एक युवक का शव पड़े होने की जानकारी ग्रामीणों को दी। सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। वहां शव की पहचान मिथुन मौर्य के रूप में हुई।
मृतक के पिता भूपराम ने बताया कि उनका बेटा शाम पांच बजे घर से निकला था। रातभर फोन करने के बावजूद उसने कॉल रिसीव नहीं की। सुबह शव मिलने की सूचना मिली तो परिवार के लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि बेटे के कान के पास गोली लगी हुई थी और उन्हें आशंका है कि किसी ने उसकी हत्या की है। हालांकि, परिवार को फिलहाल किसी पर कोई शक नहीं है।
बताया जा रहा है कि परिवार में चचेरे भाई की शादी समारोह की तैयारियां चल रही थीं और घर में मंडप का कार्यक्रम था। ऐसे में परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। घटना के बाद गांव में भी शोक और सनसनी का माहौल है।
युवक की हत्या किसने और किस वजह से की, इसका पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। हत्या के पीछे की वजह और आरोपियों का पता लगाने के लिए पुलिस की जांच अहम मानी जा रही है।
