10 दिवसीय रामलीला महोत्सव मेले में दंगल का हुआ आयोजन
बरखेड़ा। क्षेत्र के गांव गाजीपुर कुंडा में शीतलामाता धर्मार्थ सेवा संस्थान की ओर से आयोजित 10 दिवसीय पांचवें रामलीला महोत्सव मेले के तीसरे दिन रविवार को विशाल दंगल का आयोजन किया गया। दोपहर में शुरू हुए इस दंगल में क्षेत्रीय और बाहरी पहलवानों ने अखाड़े में उतरकर अपने दांव-पेंच और दमखम का प्रदर्शन किया।
दंगल में 1000 रुपये की पहली बड़ी इनामी कुश्ती राजेश पहलवान और आदित्य पहलवान के बीच लड़ी गई। रोमांचक मुकाबले में आदित्य ने शानदार दांव लगाते हुए राजेश को पटकनी देकर जीत दर्ज की। इसके बाद 500 रुपये के इनामी मुकाबले में बाबा लाड़ी और शेरा पहलवान आमने-सामने हुए, जिसमें दोनों पहलवानों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली और अंततः मुकाबला बराबरी पर छूटा।
दिन की एक अन्य प्रमुख और संघर्षपूर्ण कुश्ती इस्माइल पहलवान व आदित्य पहलवान के बीच 500 रुपये इनाम की हुई। कड़े मुकाबले के बाद आदित्य पहलवान ने एक बार फिर अपनी श्रेष्ठता साबित करते हुए विजय हासिल की। दंगल के समापन पर दंगल कमेटी की ओर से सभी विजयी पहलवानों को नकद इनाम देकर सम्मानित किया गया।