दिल्ली लखनऊ हाईवे पर टक्कर के बाद आग का गोला बने दो ट्रक, मची अफरा-तफरी,हेल्पर की जलकर मौत

बरेली। फतेहगंज पूर्वी दिल्ली लखनऊ हाईवे पर शुक्रवार रात करीब साढ़े 12 बजे एक भीषण हादसा हो गया। शाहजहांपुर की ओर जाने वाली लेन पर ढाबे के पास पहले से खड़े टैंकर में पीछे से आ रहे भूसा लदे ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद उठी चिंगारी ने देखते ही देखते विकराल आग का रूप ले लिया। कुछ ही देर में दोनों ट्रक आग की लपटों से घिर गए और एक ट्रक में हेल्पर की जिंदा जलकर मौत हो गई है
हाईवे पर दो ट्रकों में आग लगते ही अफरा-तफरी मच गई। सड़क से गुजर रहे वाहन जहां के तहां रुक गए। आग की ऊंची-ऊंची लपटें देखकर आसपास के ढाबों और आवासीय इलाकों में रहने वाले लोग दहशत में आ गए। अनहोनी की आशंका के चलते लोगों ने सुरक्षित स्थानों की ओर रुख किया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और स्थिति संभाली। आग की भयावहता को देखते हुए पुलिस ने पीछे से आ रहे वाहनों को घटनास्थल से पहले ही रुकवा दिया, ताकि कोई अन्य वाहन आग की चपेट में न आए। हादसे के बाद हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।सूचना के बाद भी दमकल विभाग की गाड़ियां देर से पहुंचने पर लोगो में आक्रोश व्याप्त है।
