बरेली दंगे के मास्टरमाइंड मौलाना तौकीर रजा पर बड़ा एक्शन, संपत्ति कुर्क, प्रशासन ने तैनात किया रिसीवर
बरेली। उत्तर प्रदेश में अपराधियों और कानून व्यवस्था को ठेंगा दिखाने वालों के खिलाफ योगी सरकार का कड़ा रुख लगातार जारी है। इसी कड़ी में बरेली जिला प्रशासन ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए बरेली दंगे के मुख्य आरोपी और इत्तेहाद-ए-मिल्लत काउंसिल (IMC) के प्रमुख मौलाना तौकीर रजा के खिलाफ शिकंजा कस दिया है। प्रशासन ने तौकीर रजा की संपत्ति को कुर्क करते हुए वहां कानूनी प्रक्रिया के तहत रिसीवर तैनात कर दिया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) अनुराग आर्य के निर्देशन में पुलिस और प्रशासनिक अमले ने इस कुर्की की कार्रवाई को अंजाम दिया। सिटी मजिस्ट्रेट कोर्ट के आदेशों का अनुपालन करते हुए भारी पुलिस बल की मौजूदगी में यह कदम उठाया गया। कार्रवाई के दौरान कानून व्यवस्था न बिगड़े, इसके लिए मौके पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
यह पहला मौका नहीं है जब मौलाना तौकीर रजा और उनके सिंडिकेट पर प्रशासन का डंडा चला है। इससे पहले भी जिला प्रशासन और पुलिस ने कड़ा रुख अपनाते हुए मौलाना के करीबियों, सहयोगियों और रिश्तेदारों की अवैध संपत्तियों पर बुलडोजर चलाकर उन्हें ध्वस्त कर दिया था, जबकि कई अन्य संपत्तियों को सील करने की कार्रवाई की जा चुकी है।
बरेली में हुए दंगे के मामले में मुख्य आरोपी बनाए गए तौकीर रजा पर इस कार्रवाई के बाद कोर्ट और प्रशासन ने साफ कर दिया है कि कानून से ऊपर कोई नहीं है। रिसीवर की तैनाती के बाद अब इस संपत्ति का नियंत्रण पूरी तरह प्रशासन के हाथों में आ गया है। इस कार्रवाई से जिले के अपराधियों और उपद्रवियों में हड़कंप मचा हुआ है।
