Latest Posts
   
home उत्तरप्रदेश पीलीभीत राज्य राष्ट्रीय 

जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती के पीलीभीत आगमन पर हिन्दू महासभा ने किया भव्य स्वागत

 

पीलीभीत। सनातन धर्म के प्रमुख धर्माचार्य एवं ज्योतिषपीठाधीश्वर स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती के पीलीभीत आगमन पर अखिल भारत हिन्दू महासभा की जिला इकाई द्वारा उनका भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर संगठन के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता चिरौंजी लाल इंटर कॉलेज परिसर में एकत्रित हुए और पुष्प वर्षा कर जगद्गुरु शंकराचार्य का स्वागत किया।

जगद्गुरु शंकराचार्य अपनी विशेष मिनी बस से यात्रा करते हुए पीलीभीत पहुंचे, जहां हिन्दू महासभा के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी के साथ अभिनंदन किया। शंकराचार्य जी ने संगठन द्वारा किए गए स्वागत को स्वीकार करते हुए उपस्थित जनसमूह को गौ संरक्षण एवं गौ सेवा के प्रति समर्पित रहने का संकल्प दिलाया। उन्होंने पीलीभीत नगर एवं जनपद की गौशालाओं की स्थिति तथा वहां संचालित गौ संरक्षण कार्यों की जानकारी भी प्राप्त की।

इस दौरान हिन्दू महासभा के पदाधिकारियों ने उन्हें अवगत कराया कि संगठन लंबे समय से गौवंश संरक्षण एवं गौ सेवा के लिए तन, मन और धन से कार्य कर रहा है। संगठन के कार्यकर्ता समय-समय पर निराश्रित गौवंशों के संरक्षण, उपचार, भोजन एवं उनके हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों को प्रशासन के समक्ष उठाते रहे हैं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए हिन्दू महासभा के जिलाध्यक्ष पं. पंकज शर्मा ने कहा कि पीलीभीत जिले के लिए यह अत्यंत गौरव एवं सौभाग्य का विषय है कि सनातन धर्म के यशस्वी धर्माचार्य जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती जी महाराज का जिले में शुभ आगमन हुआ है। उन्होंने कहा कि पीलीभीत की पावन धरती पर उनका आगमन जिले के सनातन धर्म प्रेमियों के लिए प्रेरणादायक एवं ऐतिहासिक अवसर है।

स्वागत कार्यक्रम में हिन्दू महासभा की महिला शक्ति टीम, युवा टीम, नगर इकाई सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान “गौ माता की जय”, “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्” तथा “जगद्गुरु शंकराचार्य महाराज की जय” के उद्घोषों से पूरा वातावरण भक्तिमय एवं राष्ट्रभक्ति की भावना से ओत-प्रोत रहा।

जगद्गुरु शंकराचार्य के दर्शन एवं आशीर्वाद प्राप्त कर उपस्थित श्रद्धालुओं एवं कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। सभी ने इसे अपने जीवन का गौरवपूर्ण एवं अविस्मरणीय क्षण बताया। कार्यक्रम का समापन धर्म, संस्कृति एवं गौ संरक्षण के प्रति समर्पण के संकल्प के साथ हुआ।

Related posts

Leave a Comment

error: Content is protected !!