पैतृक जमीन पर मकान बनाने को लेकर विवाद, दंपती से मारपीट
बरखेड़ा। क्षेत्र के ग्राम कुरैया नवदिया निवासी महिला ने पुरानी पैतृक जगह पर दोबारा मकान बनाने को लेकर हुए विवाद में मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की है। तहरीर के अनुसार, महिला तीन अक्टूबर को अपने पति के साथ पैतृक जगह पर मकान निर्माण के लिए निर्माण सामग्री एकत्र कर रही थी। आरोप है कि इसी दौरान गांव के ही चंद्रसेन व ईश्वरी प्रसाद मौके पर पहुंच गए और निर्माण कार्य का विरोध करने लगे। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। महिला का आरोप है कि विरोध करने वालों ने उसके और उसके पति के साथ गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से मारपीट की, जिससे दोनों को चोटें आईं। आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।