नवाबगंज CHC में विशाल आयुष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन: विधायक डॉ. एम.पी. आर्य ने किया शुभारंभ, 343 मरीजों को मिला निःशुल्क उपचार
Mohit@express views
नवाबगंज (बरेली)। ‘सेवा संकल्प अभियान 2026’ के तहत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) नवाबगंज में आयुर्वेद, यूनानी एवं होम्योपैथिक चिकित्सालयों के संयुक्त तत्वावधान में एक विशाल स्वास्थ्य मेले व चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी, बरेली डॉ. राज किशोर के निर्देशन में आयोजित इस शिविर का शुभारंभ नवाबगंज विधायक डॉ. एम.पी. आर्य ने विधिवत फीता काटकर किया।
शिविर के उद्घाटन के बाद विधायक डॉ. एम.पी. आर्य ने आयुर्वेद, यूनानी और होम्योपैथी के अलग-अलग काउंटरों का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने चिकित्सकों से उनके कार्यक्षेत्र, उपलब्ध दवाओं, औषधीय गुणों, रोगियों के स्वास्थ्य रिकॉर्ड और उचित आहार-विहार (दिनचर्या) के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
इस दौरान विधायक ने अपने पारिवारिक अनुभवों को साझा करते हुए पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों के महत्व पर बल दिया। उन्होंने अपने पिताजी के अनुभवों का हवाला देते हुए बताया कि किस प्रकार पारंपरिक औषधियां दीर्घकालिक स्वास्थ्य लाभ देती हैं। विशेष रूप से उन्होंने हल्दी के एंटीसेप्टिक व रोग प्रतिरोधक गुणों और हृदय स्वास्थ्य के लिए रामबाण मानी जाने वाली अर्जुनारिष्ट के औषधीय लाभों के बारे में विस्तार से चर्चा की।
343 मरीजों की जांच व निःशुल्क दवा वितरण
शिविर में सुबह से ही उपचार के लिए मरीजों की भारी भीड़ जुटी रही। शिविर में कुल 343 मरीजों (160 पुरुष एवं 183 महिलाएं) का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। डॉक्टरों द्वारा रक्तचाप (BP) की जांच कर मरीजों को आवश्यकतानुसार निःशुल्क औषधियां वितरित की गईं।
चिकित्सकों ने मरीजों को मौसमी बीमारियों से बचाव, संतुलित खान-पान और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की सलाह दी। इसके अतिरिक्त, शिविर में मौजूद योगाचार्यों ने लोगों को दैनिक जीवन में योग व प्राणायाम अपनाने के तौर-तरीके सिखाए, जिससे गंभीर रोगों से बचा जा सके।
कार्यक्रम में सीएचसी नवाबगंज के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. अमित गंगवार, यूनानी चिकित्सालय नवाबगंज के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. आरिफ, राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय रिठौरा के प्रभारी डॉ. मनोज कुमार, राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय अहमदाबाद के प्रभारी डॉ. अनूप कुमार सिंह, राजकीय होम्योपैथिक चिकित्सालय की डॉ. सबानाज सहित सभी विभागों का मेडिकल व पैरामेडिकल स्टाफ प्रमुख रूप से उपस्थित रहा।
