14 वर्षीय नाबालिग बहन को चचेरे भाई पर बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का मामला दर्ज
बरखेड़ा । क्षेत्र के एक गांव में भाई-बहन के रिश्ते को कलंकित करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक युवक पर अपनी 14 वर्षीय तहेरी बहन को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का गंभीर आरोप लगा है। पीड़िता मां की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी युवक समेत उसके माता-पिता के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने थाने में दी गई तहरीर में बताया कि 13 अक्टूबर को उसकी गैर-मौजूदगी में उसके देवर का बेटा निवासी गजरौला उसकी नाबालिग पुत्री को अपने साथ बहला-फुसलाकर ले गया। महिला का आरोप है कि इस पूरी साजिश में आरोपी युवक के माता-पिता ने भी पूरा सहयोग किया।
पीड़िता के अनुसार, आरोपी युवक पहले भी इस तरह की हरकत कर चुका है, जिसकी शिकायत पूर्व में उसके परिवार वालों से की गई थी। अब अपनी नाबालिग बेटी के साथ किसी अनहोनी की आशंका से सहमी मां ने पुलिस से गुहार लगाई है कि उसकी बेटी को जल्द से जल्द सकुशल बरामद किया जाए और सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्राधिकारी राहुल पांडेय ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस टीम लड़की और आरोपी की तलाश में जुट गई है तथा जल्द ही कानूनी कार्रवाई पूरी की जाएगी।