सरेराह ट्रक चालक को बचा रहे राहगीर पर हमला, रिवॉल्वर तानी; पुलिस ने दो को दबोचा
बरखेड़ा ।क्षेत्र के पौटां कलां के पास ट्रक और कार में मामूली एक्सीडेंट का बाद सरेराह कार में बैठे कुछ युवकों द्वारा एक ट्रक चालक के साथ की जा रही गुंडागर्दी का विरोध करना एक राहगीर को भारी पड़ गया। बीच-बचाव करने पहुंचे राहगीर को दबंगों ने बुरी तरह पीट दिया और विरोध करने पर जान से मारने की नियत से रिवॉल्वर तान दी। गनीमत रही कि कुछ दूरी पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने दौड़कर बीच-बचाव कराया, जिससे बड़ी अनहोनी टल गई। मारपीट करने वाले आरोपी के किसी रसूखदार के करीबी बताए जा रहे हैं,जबकि ट्रक नगर पंचायत नोगवा के पति संतोख सिंह का बताया जा रहा हैं।। पीड़ित ने थाने पहुंचकर नामजद तहरीर दी है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, क्षेत्र के ग्राम जगीपुर जैतपुर निवासी माखनलाल दोपहर 2 बजे के वक्त अपनी बाइक से पीलीभीत जा रहे थे। जब वह पौटां कलां के पास पहुंचे, तो वहां कुछ लोग एक ट्रक चालक को घेरकर बेरहमी से पीट रहे थे। मानवता का परिचय देते हुए माखनलाल ने पास जाकर जब उन लोगों को ऐसा करने से रोका और चालक को बचाना चाहा, तो दबंगों का गुस्सा उन पर भी फूट पड़ा।
आरोपियों ने गुंडागर्दी करते हुए माखनलाल को भी पकड़ लिया और लाठी-डंडों व लात-घूंसों से पीटना शुरू कर दिया। हद तो तब हो गई जब भीड़ में से एक युवक ने अपनी कमर से रिवॉल्वर निकालकर माखनलाल के ऊपर तान दी और जान से मारने की धमकी देने लगा।
घटनास्थल से कुछ ही दूरी पर पुलिस बल तैनात था। राहगीर के साथ मारपीट और रिवॉल्वर ताने जाने की घटना को देख पुलिसकर्मी तुरंत दौड़ पड़े और किसी तरह बीच-बचाव कर माखनलाल की जान बचाई। पुलिस पकड़ में आए आरोपियों ने पूछताछ के दौरान अपना नाम राशिद पुत्र इकरार और जीशान पुत्र मो. अहमद निवासी ईदगाह, बीसलपुर बताया।
पुलिस के चंगुल से छूटने के बाद यह दोनों आरोपी अपने अन्य साथियों के साथ दूसरी गाड़ी में बैठकर मौके से फरार हो गए। घटना के तुरंत बाद पीड़ित माखनलाल थाने पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज कराई। पुलिस मामले की जांच पड़ताल और फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।