खेत से मिट्टी निकालने को लेकर विवाद के बाद हुई बेइज़्ज़ती से दुखी युवक ने ट्रेन के आगे कूदकर दी जान, चार पर मामला दर्ज
बरखेड़ा: क्षेत्र के अंतर्गत खेत से मिट्टी निकालने को लेकर हुए विवाद के बाद एक युवक द्वारा ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मृतक के भाई की तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सिसईया थाना बरखेड़ा, जिला पीलीभीत निवासी सुनील कुमार वर्मा पुत्र स्व. सरदार सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि गांव से कुछ दूरी पर रेलवे लाइन के किनारे उनका खेत है, जिसमें थोड़ा-बहुत पानी भरा रहता है। आरोप हैं कि 23 नवंबर को दोपहर करीब 12 बजे उनका छोटा भाई अंकित वर्मा खेत की ओर गया था।
उस दौरान खेत से ग्राम अलकथान की कुछ महिलाएं गीली मिट्टी निकाल रही थीं। भाई द्वारा मना करने पर दुर्गा देवी पत्नी सियाराम कथित रूप से गाली-गलौज करने लगीं और अपने बेटों को बुला लिया। आरोप है कि दुर्गा देवी के बेटे अरुण व अनिल तथा पवन पुत्र कुंवरसेन, निवासी ग्राम अलकथान, मौके पर पहुंचे और उन्होंने अंकित वर्मा के साथ मारपीट, गाली-गलौज व जान से मारने की धमकी दी। तहरीर में बताया गया है कि मौके पर अन्य लोग भी मौजूद थे। मारपीट, गाली-गलौज और धमकी की घटना से आहत होकर अंकित वर्मा ने कथित तौर पर उसी समय आ रही ट्रेन के सामने कूदकर अपनी जान दे दी। शिकायतकर्ता के अनुसार, यह घटना उनके भाई अक्षय ने देखी।
क्षेत्राधिकारी बीसलपुर राहुल पांडेय ने बताया कि मृतक के भाई की शिकायत पर दुर्गा देवी, अरुण, अनिल और पवन के खिलाफ मामला दर्ज कर अग्रिम कार्यबाही की जा रही हैं। दो आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।