नए नियमों से भड़के किसान, चीनी मिल के केन यार्ड पर हंगामा,तौल ठप, राजमार्ग पर लगी लंबी कतारें

बरखेड़ा। बजाज शुगर मिल के नए नियमों से परेशान किसानों का गुस्सा फूट पड़ा है। मिल के केन यार्ड पर किसानों ने जमकर हंगामा किया, जिसके चलते गन्ने की तौल पूरी तरह ठप हो गई।
किसानों का आरोप है कि गन्ना तुलवाने से पहले मिल प्रशासन द्वारा उनसे आधार कार्ड के साथ एक घोषणापत्र (एफिडेविट) पर हस्ताक्षर करवाए जा रहे हैं। इस घोषणापत्र में यह शर्त रखी गई है कि किसान अपने अधिकार, बकाया भुगतान या किसी अन्य परेशानी को लेकर भविष्य में कोई धरना-प्रदर्शन नहीं करेंगे। इसके अलावा, नए नियमों की प्रक्रिया इतनी धीमी है कि एक ट्रॉली को केन यार्ड में प्रवेश करने में लगभग एक घंटे का समय लग रहा है।तौल प्रक्रिया धीमी होने के कारण मिल का केन यार्ड खाली होने के बावजूद बाहर राजमार्ग पर गन्ने से भरी ट्रॉलियों की किलोमीटर लंबी लाइन लग गई है। किसानों का कहना है कि पिछले 24 घंटे से अधिक समय से उनकी ट्रॉलियां सड़क पर खड़ी हैं। सुबह 6 बजे से ही सड़क पर खड़े किसानों को एक तरफ दुकानदार तो दूसरी तरफ पुलिस प्रशासन ट्रॉलियां हटाने के लिए परेशान कर रहा है, जिससे किसानों पर दोहरी मार पड़ रही है।
किसान नरेंद्र गंगवार ने आरोप लगाया कि मिल प्रशासन किसानों का पुराना बकाया भुगतान रोककर अपनी मनमानी कर रहा है। आक्रोशित किसानों की मांग है कि नए नियमों को तुरंत वापस लिया जाए और पूर्व वर्षों की भांति सरल तरीके से गन्ने की तौल की जाए।
इस पूरे मामले पर बजाज शुगर मिल, बरखेड़ा के जीएम (केन) संजीव राठी ने कहा कि किसानों के साथ वार्ता चल रही है और समस्या का समाधान निकालने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने आश्वासन दिया कि किसानों के हितों का सबसे पहले ध्यान रखा जाएगा।
