Latest Posts
   
home उत्तरप्रदेश पीलीभीत राज्य राष्ट्रीय 

हड़कंप: सड़क किनारे अचेत मिले सिपाही की अस्पताल में मौत, कई दिनों से चल रहा था गैरहाजिर

पीलीभीत। रविवार को उस वक्त पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया, जब बिलगवा रेलवे क्रॉसिंग के पास एक सिपाही संदिग्ध और अचेत अवस्था में पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची डायल 112 पुलिस ने उसे तुरंत जिला अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक सिपाही पीलीभीत पुलिस लाइन में तैनात था और पिछले कुछ दिनों से ड्यूटी से नदारद था।

मिली जानकारी के अनुसार, मामला थाना कोतवाली नगर क्षेत्र का है। सुबह लगभग 10:30 बजे राहगीरों ने बिलगवा रेलवे क्रॉसिंग के समीप एक मशहूर कॉलेज के बाहर एक व्यक्ति को बेहोशी की हालत में सड़क किनारे पड़ा देखा। सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। शिनाख्त करने पर पता चला कि वह पीलीभीत पुलिस लाइन में तैनात सिपाही सत्यपाल है। पुलिसकर्मी उसे आनन-फानन में जिला अस्पताल लेकर गए, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं।

विभागीय सूत्रों के मुताबिक, मृतक सिपाही सत्यपाल मूल रूप से फर्रुखाबाद जिले का निवासी था। बताया जा रहा है कि वह पिछले कई दिनों से बिना किसी पूर्व सूचना के अपनी ड्यूटी से गैरहाजिर चल रहा था। सड़क किनारे उसकी अचानक हुई मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

अपने ही महकमे के सिपाही की मौत की खबर मिलते ही पुलिस अधिकारियों में दौड़-भाग मच गई। सूचना मिलते ही सहायक पुलिस अधीक्षक सीओ सदर नताशा गोयल, थाना कोतवाली नगर प्रभारी परमेंद्र कुमार और थाना सुनगढ़ी कोतवाल नरेश त्यागी तुरंत अस्पताल पहुंचे और घटना की विस्तृत जानकारी जुटाई।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। सिपाही की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल, पुलिस हर पहलू से मामले की गहन जांच कर रही है।

Current News

Leave a Comment

error: Content is protected !!