Latest Posts
home उत्तरप्रदेश बदायूँ बरेली राज्य राष्ट्रीय 

बरेली-मुरादाबाद शिक्षक सीट पर भाजपा के हरि सिंह ढिल्लों की बड़ी जीत, सपा के दानिश अख्तर 3,996 वोट पर सिमटे

बरेली। बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में भाजपा प्रत्याशी डॉ. हरि सिंह ढिल्लों ने भारी अंतर से जीत दर्ज की। समाजवादी पार्टी के हाजी दानिश अख्तर मुक़ाबले में कहीं टिक नहीं सके। मतगणना पूरी होने पर ढिल्लों को 21,672 वोट मिले, जबकि अख्तर के खाते में 3,996 वोट आए। जीत का अंतर 17,676 मतों का रहा।

शहर के संजय कम्युनिटी हाल में मंगलवार सुबह आठ बजे मतगणना शुरू हुई। पहले राउंड से ही भाजपा प्रत्याशी ने बढ़त बना ली थी। उन्हें 5,251 वोट मिले, जबकि सपा प्रत्याशी के खाते में केवल 816 मत आए। पहले ही राउंड में 4,435 वोटों की बढ़त ने मुकाबले का रुख साफ कर दिया।

दूसरे राउंड में डा. हरि सिंह ढिल्लों के वोट बढ़कर 10,222 पहुंच गए, जबकि दानिश अख्तर को 1,675 मत मिले। दोनों के बीच अंतर बढ़कर 8,547 वोट हो गया। तीसरे राउंड में ढिल्लों को 14,990 और सपा प्रत्याशी को 2,742 मत मिले। यहां भाजपा प्रत्याशी की बढ़त 12,248 वोट तक पहुंच गई। चौथे राउंड में भी यही तस्वीर बनी रही। ढिल्लों को 19,538 और दानिश अख्तर को 3,753 मत मिले। इस राउंड तक भाजपा प्रत्याशी 15,785 वोटों से आगे निकल चुके थे। पांचवें राउंड की गिनती पूरी हुई तो जीत का अंतर बढ़कर 17,676 वोट हो गया। ढिल्लों को कुल 21,672 मत मिले, जबकि सपा प्रत्याशी 3,996 वोटों पर ही रुक गए।

संजय कम्युनिटी हाल में मतगणना के लिए आठ टेबल लगाई गई थीं। कुल 35,149 मतों की पांच राउंड में गिनती की गई। इनमें 3,183 मतपत्र निरस्त घोषित किए गए। मतपत्रों को 50-50 के बंडलों में रखकर पहली वरीयता के आधार पर उनकी छंटाई और गणना की गई। शिक्षक निर्वाचन में वरीयता के आधार पर मतदान होने के कारण मतपत्रों की जांच सावधानी से की गई। मंगलवार रात अंतिम राउंड की गिनती पूरी होने के साथ ही डा. हरि सिंह ढिल्लों को विजयी घोषित कर दिया गया।

 

Current News

Leave a Comment

error: Content is protected !!