बरखेड़ा।गन्ना किसानों के बकाया भुगतान समेत क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को लेकर शुक्रवार को भारतीय किसान यूनियन लोकशक्ति के कार्यकर्ताओं ने मंडलीय सचिव मुरलीधर कश्यप के नेतृत्व और ब्लॉक अध्यक्ष बेचेलाल की अध्यक्षता में धरना-प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने गाजीपुर तिराहे पर प्रदर्शन कर अपर गन्ना प्रबंधक गोरख तोमर को ज्ञापन सौंपा। इसके बाद ब्लॉक मुख्यालय पर प्रदर्शन कर अधिकारियों को क्षेत्रीय समस्याओं से संबंधित ज्ञापन दिया। जिला अध्यक्ष पातीराम कश्यप ने मांग की कि बजाज हिंदुस्तान शुगर मिल बरखेड़ा किसानों का बकाया गन्ना भुगतान 15 प्रतिशत ब्याज सहित एक सप्ताह में करे। इसके अलावा आवास निर्माण में कथित वसूली बंद कराने, आवारा पशुओं को पकड़वाने और ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान कराने की मांग उठाई गई। मंडलीय सचिव मुरलीधर कश्यप ने चेतावनी दी कि मांगों का निस्तारण नहीं हुआ तो दीपावली के बाद ब्लॉक परिसर में अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया जाएगा। प्रदर्शन में सरदार गुरुवेंद्र सिंह, रामचंद्र लाल फौजी मौर्य, रामकृष्ण, वेदपाल, कमलेश बाबू, सुरेंद्र कुमार वर्मा सहित कई दर्जन कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Read More