Latest Posts
   
home पीलीभीत राज्य राष्ट्रीय 

हिन्दू महासभा ने नवागत पुलिस अधीक्षक से की शिष्टाचार भेंट, सौंपा जनहित से जुड़ा ज्ञापन

पीलीभीत। अखिल भारत हिन्दू महासभा के प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को नवागत पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर उनका स्वागत किया और जनपद की कानून-व्यवस्था से संबंधित विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत ज्ञापन सौंपा। जिलाध्यक्ष पं. पंकज शर्मा के नेतृत्व में पहुंचे पदाधिकारियों ने पुलिस अधीक्षक को गुलदस्ता एवं शिव दरबार की तस्वीर भेंट कर सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।

संगठन की ओर से सौंपे गए ज्ञापन में शहर की कानून व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और सामाजिक मर्यादा से जुड़े विषयों को प्रमुखता से उठाया गया। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि उन्हें नागरिकों से प्राप्त शिकायतों और संगठनात्मक निरीक्षण के दौरान कुछ व्यवस्थागत कमियां सामने आई हैं, जिन पर त्वरित कार्रवाई की आवश्यकता है।

ज्ञापन में शहर के कुछ रेस्टोरेंटों में बंद केबिन संचालित होने और वहां संदिग्ध गतिविधियों की आशंका जताई गई। ऐसे प्रतिष्ठानों की सिविल ड्रेस में जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की गई। इसके अलावा प्रमुख बाजारों व चौराहों पर अव्यवस्थित पार्किंग के कारण लगने वाले जाम पर चिंता व्यक्त करते हुए नियमित यातायात अभियान चलाने की मांग उठाई गई।

संगठन ने यह भी कहा कि हाल में नियुक्त कुछ पुलिसकर्मियों के व्यवहार को लेकर नागरिकों में असंतोष की शिकायतें मिल रही हैं। पुलिस की छवि को बेहतर बनाए रखने के लिए कर्मियों को विनम्र और सहयोगात्मक व्यवहार के निर्देश देने तथा आवश्यक प्रशिक्षण आयोजित करने का सुझाव दिया गया।

इसके साथ ही मोहल्लों में रात्रि गश्त को प्रभावी बनाने, सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन और शराब पीकर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने की मांग भी रखी गई।

जिलाध्यक्ष पं. पंकज शर्मा ने कहा कि संगठन प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर जिले में शांति और सुरक्षा को मजबूत करना चाहता है। उन्होंने विश्वास जताया कि पुलिस अधीक्षक जनहित के मुद्दों पर सकारात्मक कदम उठाएंगे।

इस अवसर पर जिला महामंत्री मयंक जायसवाल, युवा जिलाध्यक्ष गौरव शर्मा, युवा जिला महामंत्री आयुष सक्सेना, नगर अध्यक्ष सुनील कश्यप सहित संगठन के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related posts

Leave a Comment

error: Content is protected !!