दबंगों के हौसले बुलंद, दुकान में घुसकर मिठाई कारीगर की बेरहमी से पिटाई; सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
बरखेड़ा, पीलीभीत। कस्बा के सबसे व्यस्ततम इलाके ब्लॉक तिराहे पर दबंगों ने कानून व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए एक दुकान में घुसकर मिठाई कारीगर के साथ जमकर मारपीट की। पुलिस की मौजूदगी से महज कुछ कदमों की दूरी पर हुई इस दुस्साहसिक वारदात से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई है।
पीड़ित मिठाई कारीगर प्रवेश ने मौके पर पहुँची पुलिस को आपबीती सुनाते हुए बताया कि वह दुकान के बाहर खड़ा था। इसी दौरान कस्बे के ही रहने वाले रितिक और मनीष मोटरसाइकिल लेकर आए और उन्होंने जानबूझकर बाइक प्रवेश के पैर पर चढ़ा दी। जब प्रवेश ने इस बात का कड़ा विरोध किया, तो दोनों दबंगों ने आपा खो दिया और गाली-गलौज करते हुए उस पर हमला कर दिया।
दबंगों का मन इतने से भी नहीं भरा; वे दुकान के भीतर घुस गए और कारीगर के साथ बेरहमी से मारपीट शुरू कर दी। व्यस्त चौराहा होने के बावजूद दबंगों के भीतर पुलिस का कोई भय नजर नहीं आया, जबकि घटनास्थल से पुलिस की दूरी चंद कदमों की ही थी।
दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में मारपीट की यह पूरी वारदात रिकॉर्ड हो गई है, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि किस तरह दबंग कारीगर को पीट रहे हैं। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर मामले की जांच शुरू कर दी है।