पंचायत सहायक इको गार्डन लखनऊ के लिए रवाना, आंवला स्टेशन पर हुआ जोरदार प्रदर्शन
बरेली। जनपद के रामनगर ब्लॉक क्षेत्र के पंचायत सहायकों का एक बड़ा जत्था अपनी मांगों को लेकर लखनऊ के इको गार्डन में चल रहे प्रदेश स्तरीय धरना-प्रदर्शन में शामिल होने के लिए रवाना हो गया है। आंवला रेलवे स्टेशन से सभी पंचायत सहायक ट्रेन के माध्यम से लखनऊ के लिए रवाना हुए।
आपको बता दें कि पंचायत सहायक कर्मचारी यूनियन उत्तर प्रदेश के आह्वान पर पूरे प्रदेश के हजारों पंचायत सहायक पिछले कई दिनों से लखनऊ के इको गार्डन में अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे हैं। इसी कड़ी में रामनगर ब्लॉक के पंचायत सहायकों ने भी अपनी एकजुटता दिखाते हुए लखनऊ कूच किया है।
पंचायत सहायकों का कहना है कि वे ग्राम पंचायतों में दिन-रात ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरह के काम करते हैं। आयुष्मान कार्ड बनाना, ई-क्रॉप सर्वे, फैमिली आईडी, फार्मर रजिस्ट्री, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र सहित तमाम सरकारी योजनाओं का पूरा बोझ उनके कंधों पर है, लेकिन इसके बदले उन्हें मात्र 6000 रुपये प्रतिमाह मानदेय दिया जा रहा है जो कि बहुत ही कम है।जिसे बढ़ाकर 30,000 रुपये किया जाए। संविदा व्यवस्था खत्म कर स्थायी किया जाए और राज्य कर्मचारी का दर्जा दिया जाए। समान कार्य समान वेतन लागू किया जाए। महिला पंचायत सहायकों के लिए मातृत्व अवकाश और स्थानांतरण नीति बनाई जाए। ग्राम विकास अधिकारी की भर्ती में पंचायत सहायकों को 50% आरक्षण दिया जाए।रामनगर ब्लॉक से रवाना हुए पंचायत सहायकों ने बताया कि अगर सरकार ने जल्द उनकी मांगें नहीं मानी तो यह आंदोलन और तेज होगा और कार्य बहिष्कार भी किया जाएगा।
