बरखेड़ा: विधायक के चिकित्सा शिविर में उम्मीद से ज्यादा उमड़ी भीड़, चश्मे और कान की मशीनें पाकर खिले मरीजों के चेहरे
बरखेड़ा (पीलीभीत)। ब्लॉक परिसर बरखेड़ा में आज क्षेत्रीय विधायक की पहल पर आयोजित निःशुल्क दन्त, नेत्र एवं कान चिकित्सा शिविर में मरीजों का जनसैलाब उमड़ पड़ा। भीषण गर्मी और तपिश के बावजूद क्षेत्र से आए जरूरतमंद मरीजों की तादाद आयोजकों के अनुमान से कहीं अधिक रही। शिविर में सैकड़ों मरीजों का परीक्षण कर उन्हें निःशुल्क दवाएं, चश्मे और कान की मशीनें वितरित की गईं।
सोमवार सुबह 10 बजे ब्लॉक परिसर में विशाल पंडाल लगाकर शिविर की शुरुआत की गई। कैंप में क्षेत्र के दूर-दराज गांवों से दन्त, नेत्र और कान के रोगियों के आने का सिलसिला सुबह से ही शुरू हो गया था। शिविर में कुल 567 मरीजों का आधिकारिक रजिस्ट्रेशन किया गया, जबकि मौके पर 600 से अधिक लोग मौजूद रहे।
शिविर में रोहिलखंड मेडिकल कॉलेज (बरेली) के विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने दन्त व अन्य रोगों से पीड़ित मरीजों का गहन परीक्षण किया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) बरखेड़ा के चिकित्सक डॉ. विजय तिवारी ने बताया कि परीक्षण के बाद 300 से अधिक लोगों को CHC पटल के माध्यम से निःशुल्क दवाइयां उपलब्ध कराई गईं।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि क्षेत्रीय विधायक महामंडलेश्वर स्वामी प्रवकतानंद ने शिविर में पहुंचे नेत्र और कान के मरीजों को अपने हाथों से निःशुल्क चश्मे और कान की मशीनें वितरित कीं। उपकरण पाकर बुजुर्गों और जरूरतमंदों के चेहरे खिल उठे।
इस कार्य में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरखेड़ा, रोहिलखंड मेडिकल कॉलेज बरेली की मेडिकल टीम के साथ-साथ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के स्थानीय ब्लॉक कार्यकर्ताओं का भरपूर सहयोग रहा। शिविर की अभूतपूर्व सफलता और भारी भीड़ को देखकर विधायक स्वामी प्रवकतानंद ने प्रसन्नता व्यक्त की।
