Latest Posts
   
home उत्तरप्रदेश पीलीभीत राज्य राष्ट्रीय 

पीलीभीत: मेडिकल कॉलेज में छात्रा की निर्मम हत्या, सिटी स्कैन रूम में सहपाठी ने चाकू से किया जानलेवा हमला


पीलीभीत: उत्तर प्रदेश के पीलीभीत स्थित मेडिकल कॉलेज परिसर में मंगलवार सुबह हुई एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे स्वास्थ्य महकमे को स्तब्ध कर दिया है। कॉलेज के सिटी स्कैन रूम के भीतर एक मेडिकल छात्र ने अपनी ही सहपाठी छात्रा की गला रेतकर बेरहमी से हत्या कर दी। इलाज के दौरान बरेली के अस्पताल में छात्रा ने दम तोड़ दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 8:30 बजे मेडिकल कॉलेज के सिटी स्कैन रूम में पैरामेडिकल प्रथम वर्ष की एक छात्रा और उसका सहपाठी सागर निवासी कानपुर मौजूद थे। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच पुराने किसी विवाद और प्रेम प्रसंग को लेकर कहासुनी हुई। अचानक सागर ने अपने पास मौजूद धारदार चाकू से छात्रा के गले पर ताबड़तोड़ वार कर दिए।

हमले में छात्रा की गर्दन और गले की मुख्य रक्त वाहिकाएं बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। इस दौरान बीच-बचाव करने पहुंची स्टाफ नर्स निधि सहगल भी घायल हो गईं।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे गए।
मौके पर मौजूद स्टाफ ने हमलावर छात्र सागर को दबोच लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस फिलहाल उससे कड़ी पूछताछ कर रही है।
गंभीर रूप से घायल छात्रा को जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद बरेली के श्री राम मूर्ति स्मारक इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज रेफर किया गया था, जहां उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने बताया कि मृतका के परिजनों से तहरीर प्राप्त की जा रही है। सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्यवाही की जा रही है, साथ ही शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
मेडिकल कॉलेज जैसे संवेदनशील परिसर के भीतर हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है ताकि घटना के सटीक कारणों का पता लगाया जा सके।

Related posts

Leave a Comment

error: Content is protected !!