ज्ञान इंटरनेशनल स्कूल में सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का भव्य आयोजन, ‘युवा सदन’ रहा विजेता
पीलीभीत। सुरभि कॉलोनी स्थित ज्ञान इंटरनेशनल स्कूल में विद्यार्थियों के बौद्धिक विकास, तार्किक क्षमता और आत्मविश्वास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘सामान्य ज्ञान अंतरसदनीय प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता-2026’ का भव्य आयोजन किया गया। इस बेहद रोमांचक और कड़े मुकाबले में युवा सदन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजय पताका फहराई, जबकि श्रेष्ठ सदन उपविजेता रहा।
प्रतियोगिता में विद्यालय के चार सदनों महत्वाकांक्षी सदन, श्रेष्ठ सदन, युवा सदन और गौरव सदन के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। प्रश्नोत्तरी के दौरान सामान्य ज्ञान, विज्ञान, इतिहास, भूगोल, खेल, साहित्य, समसामयिक घटनाओं और तर्कशक्ति से जुड़े कठिन सवाल पूछे गए। प्रतिभागियों ने अपनी त्वरित निर्णय लेने की क्षमता और सूझबूझ से सभी को प्रभावित किया। वहीं दर्शक दीर्घा में बैठे छात्रों ने तालियों की गड़गड़ाहट से अपनी टीमों का उत्साह बढ़ाया।
कड़े मुकाबले के बाद युवा सदन की टीम आयुष, शिरीष अग्रवाल, सिद्धि सक्सेना, समन्वय नील एवं समर वर्मा ने प्रथम स्थान प्राप्त कर खिताब अपने नाम किया।श्रेष्ठ सदन की टीम खुशरीत कौर, अल्तमाश, रितिका चौधरी, शिखर रस्तोगी एवं समर्थ यादव उपविजेता बनी। प्रतियोगिता का सफल और प्रभावी संचालन शिक्षक पवन मिश्रा और प्रखर त्रिवेदी ने किया।
इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या पूजा छाबड़ा ने विजेता व उपविजेता टीमों को ट्रॉफी और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धात्मक दौर में केवल किताबी ज्ञान पर्याप्त नहीं है। सफलता के लिए सामान्य ज्ञान, तार्किक सोच और देश-दुनिया की खबरों से अपडेट रहना बेहद जरूरी है। छात्र नियमित रूप से समाचार-पत्र पढ़ने की आदत डालें।
मुख्य अध्यापिका सोनिया ने बच्चों का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि हार-जीत से ज्यादा महत्वपूर्ण प्रतियोगिता से कुछ नया सीखना है। वहीं वरिष्ठ शिक्षक प्रशांत गुप्ता ने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य छात्रों का सर्वांगीण विकास करना है, ताकि उनमें अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और सकारात्मक सोच विकसित हो सके।
कार्यक्रम के अंत में सभी शिक्षकों और विद्यालय परिवार ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। समारोह का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
