Latest Posts
   

चोरों का धावा, दो घरों से नकदी,जेवर और मोबाइल समेत लाखों की चोरी

 

बरखेड़ा (पीलीभीत)। थाना बरखेड़ा क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। शनिवार-रविवार की रात देवहा नदी किनारे बसे गांव शेखापुर में अज्ञात चोरों ने दो घरों को निशाना बनाते हुए नकदी, आभूषण, मोबाइल और अन्य सामान पर हाथ साफ कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस रात में ही मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।गांव निवासी भगवतशरण के घर में घुसे चोर एक मोटरसाइकिल, बैंक पासबुक में रखे ₹3,000, एक मोबाइल फोन और बच्चों की गुल्लक चोरी कर ले गए। हालांकि मोटरसाइकिल स्टार्ट न होने पर चोर उसे गांव के बाहर छोड़कर फरार हो गए, जिसे बाद में ग्रामीणों ने बरामद कर लिया।वहीं धर्मपाल पुत्र लालाराम के घर से चोर कमरे में रखा संदूक उठाकर ले गए। गांव के बाहर संदूक का ताला तोड़कर उसमें रखी दो जोड़ी चांदी की पायल, कमर बिछुआ, दो चांदी की चेन, एक सोने की नथ और ₹4,300 नकद निकाल लिए। इसके अलावा बरामदे में रखे दो मोबाइल फोन भी चोरी कर लिए गए। वारदात के बाद खाली संदूक गांव के बाहर पड़ा मिला।घटना की सूचना मिलते ही बरखेड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी। क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में भय और आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों का कहना है कि पूर्व की चोरियों का खुलासा न होने से चोरों के हौसले बुलंद हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से शीघ्र खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी और क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है।

Current News

Leave a Comment

error: Content is protected !!