इंस्टाग्राम पर सस्ती बाइक का विज्ञापन देख झांसे में आया युवक, 43.5 हजार रुपये गंवाए
बरखेड़ा (पीलीभीत)।सोशल मीडिया पर सस्ता वाहन खरीदने का लालच क्षेत्र के एक युवक के लिए महँगा साबित हो गया। इंस्टाग्राम पर आए एक बाइक बिक्री के विज्ञापन के जाल में फँसकर युवक ने 43,500 रुपये की ऑनलाइन ठगी का शिकार होने की शिकायत बरखेड़ा थाने में दर्ज कराई है। हद तो तब हो गई जब शातिर ठग ने खुद को भारतीय सेना का अधिकारी बताकर पीड़ित को और पैसे न देने पर जेल भिजवाने की धमकी देनी शुरू कर दी।
रील देखते समय आया था विज्ञापन
थाना बरखेड़ा क्षेत्र के ग्राम ज्योरहा कल्यानपुर निवासी जयदेव पुत्र द्वारिका प्रसाद ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह अपने मोबाइल पर इंस्टाग्राम पर रील देख रहा था। इसी दौरान उसकी स्क्रीन पर एक विज्ञापन आया, जिसमें बहुत कम दाम में पुरानी मोटरसाइकिल उपलब्ध कराने का दावा किया गया था। लालच में आकर उसने विज्ञापन पर दिए गए संपर्क सूत्र पर क्लिक किया, जिसके बाद ठगों ने उसके व्हाट्सएप पर संपर्क साधा।
किश्तों में ऐंठे 43,500 रुपये
आरोपियों ने बाइक को सस्ते दाम में घर तक पहुँचाने का झांसा दिया। सबसे पहले पीड़ित से क्यूआर कोड के ज़रिए 2,000 रुपये एडवांस जमा कराए गए। इसके बाद गाड़ी के कागज़ात, गेट पास, डिलीवरी और फ़र्ज़ी औपचारिकताएँ पूरी करने के नाम पर अलग-अलग किश्तों में कुल 43,500 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करवा लिए।
सेना का अफ़सर बताकर धमका रहा ठग
पैसे ट्रांसफर होने के बाद भी जब बाइक घर नहीं पहुँची, तो जयदेव को ठगी का अहसास हुआ। पीड़ित ने जब अपने पैसे वापस माँगे, तो आरोपी ने अपना नाम अजीत कुमार सिंह बताया और खुद को सेना का अफ़सर बताकर रौब झाड़ना शुरू कर दिया। शातिर ठग ने पीड़ित से 18,500 रुपये की और माँग की और पैसे न देने पर फर्जी मुकदमों में फँसाकर जेल भिजवाने व गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।
पीड़ित जयदेव ने बरखेड़ा पुलिस को प्रार्थना-पत्र सौंपकर ठगों द्वारा इस्तेमाल किए जा रहे मोबाइल नंबरों (7404882146, 8929815521) का ब्योरा भी दिया है। पीड़ित ने आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने और अपनी गाढ़ी कमाई के 43,500 रुपये वापस दिलाने की गुहार लगाई है। पुलिस मामले की जाँच कर साइबर सेल की मदद से आरोपियों की तलाश कर रही है।
