दंपति को ट्रक ने रौंदा, उपचार के दौरान पत्नी की मौत, पति की हालत गंभीर
बरखेड़ा/पीलीभीत। क्षेत्र के गांव भोपतपुर निवासी एक दंपति सड़क हादसे का शिकार हो गए। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें उपचार के दौरान पत्नी की मौत हो गई, जबकि पति का इलाज जारी है।ग्राम भोपतपुर निवासी हरपाल ने बताया कि मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे गांव के रविंद्र कुमार अपनी पत्नी गुड्डी देवी (35) को मोटरसाइकिल से रुद्रपुर (उत्तराखंड) लेकर जा रहे थे। शाम करीब 5 बजे बहेड़ी कस्बे के हाईवे पर सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए बरेली रेफर कर दिया गया। परिजन दोनों का एक निजी अस्पताल में इलाज करा रहे थे। बुधवार दोपहर करीब 12 बजे उपचार के दौरान गुड्डी देवी ने दम तोड़ दिया, जबकि रविंद्र कुमार का इलाज अभी भी जारी है।गुड्डी देवी की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। इस दर्दनाक हादसे से पूरे गांव में शोक की लहर है। उधर, हादसे के बाद स्थानीय पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
