लोहे की रॉड से हमला कर केबिन में छिड़का डीजल, आरोपी महिला गिरफ्तार
पीलीभीत/पूरनपुर: क्षेत्र में बड़ी नहर, गुरुद्वारा धन्ना बाबा के पास ट्रक में लगी आग और चालक की जलकर मौत के मामले का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। यह कोई हादसा नहीं, बल्कि सोची-समझी साजिश के तहत की गई हत्या थी। पुलिस ने मृतक की प्रेमिका को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया है।
10 जुलाई की रात पुलिस को सूचना मिली थी कि ट्रक संख्या JH02K9750 में भीषण आग लगी है। आग पर काबू पाने के बाद केबिन से एक व्यक्ति का जला हुआ शव बरामद हुआ, जिसकी पहचान रामपुर (थाना बिलासपुर) के ग्राम बड़ा बोसेना निवासी बलविंदर सिंह (पुत्र दिलीप सिंह) के रूप में हुई।
प्रथम दृष्टया मामला दुर्घटना लग रहा था, लेकिन परिस्थितियों के संदिग्ध होने पर मृतक के भाई गुरमीत सिंह की तहरीर पर 24 जुलाई को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया।
एसपी पीलीभीत के निर्देशन में गठित टीम ने सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से जांच आगे बढ़ाई। साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने उत्तराखंड के रुद्रपुर निवासी 40 वर्षीय अमनिदीप कौर उर्फ अमन (पत्नी सुखविन्दर सिंह) को गिरफ्तार किया। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल लोहे की रॉड और डीजल की कैन भी बरामद कर ली गई।
पुलिस पूछताछ में आरोपी अमनिदीप कौर ने बताया कि उसके और बलविंदर के बीच पिछले 2-3 वर्षों से प्रेम संबंध थे। 10 जुलाई को वह बलविंदर से संबंध खत्म करने की बात कर रही थी, लेकिन बलविंदर इसके लिए राजी नहीं था। कहासुनी और विवाद बढ़ने पर उसने लोहे की रॉड से बलविंदर के सिर पर वार कर उसे बेसुध कर दिया। इसके बाद घटना को हादसे की शक्ल देने और साक्ष्य मिटाने के लिए उसने केबिन में डीजल छिड़ककर आग लगा दी और मौके से फरार हो गई।
पुलिस ने आरोपी महिला को न्यायिक हिरासत में भेजते हुए अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
