तीन दिन में तेंदुए ने दूसरे निराश्रित बछड़े को बनाया निवाला,ग्रामीणों में पशुओं की सुरक्षा को लेकर भय
बरखेड़ा।क्षेत्र के गांव रामनगर जगतपुर में तेंदुए का आतंक बढ़ता जा रहा है। तीन दिन के भीतर तेंदुए ने एक और निराश्रित बछड़े को अपना निवाला बना लिया। शनिवार सुबह ग्रामीणों ने गौशाला से करीब 500 मीटर दूर गन्ने के खेत में बछड़े का अधखाया शव पड़ा देखा। शव मिलने की खबर गांव में फैलते ही ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया।ग्रामीणों ने मामले की सूचना वन विभाग और पशु चिकित्साधिकारी बरखेड़ा को दी। सूचना पर पहुंचे अधिकारियों ने ग्रामीणों, वन विभाग और राजस्व विभाग की मौजूदगी में बछड़े के शव का नियमानुसार पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद शव की अंत्येष्टि कर दी गई।ग्राम प्रधान कुंदन लाल ने बताया कि शुक्रवार रात किसी समय क्षेत्र में मौजूद तेंदुए ने निराश्रित बछड़े को अपना शिकार बना लिया। सुबह ग्रामीणों को इसकी जानकारी हुई।पशु चिकित्साधिकारी हरपाल ने बताया कि बछड़े के शव का वन विभाग, ग्राम प्रधान और पुलिस की मौजूदगी में नियमानुसार पोस्टमार्टम कराया गया और इसके बाद अंत्येष्टि कर दी गई।लगातार पशुओं को तेंदुए द्वारा शिकार बनाए जाने से ग्रामीणों में अपने मवेशियों की सुरक्षा को लेकर चिंता और भय बना हुआ है। ग्रामीणों ने वन विभाग से तेंदुए की लोकेशन ट्रेस कर उसे पकड़ने के लिए प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।
