उधारी के विवाद में खौफनाक वारदात, बुजुर्ग को पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने की कोशिश करने वाले पिता-पुत्र गिरफ्तार
बिलसंडा/पीलीभीत। जनपद में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे पुलिस अधीक्षक के विशेष अभियान के तहत थाना बिलसंडा पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई की है। उधारी के पैसों के विवाद में एक व्यक्ति को पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने का प्रयास करने वाले दो सगे बाप-बेटे को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। यह दोनों आरोपी जानलेवा हमले के मुकदमे में वांछित चल रहे थे।
पुलिस के अनुसार, यह खौफनाक वारदात 11 सितंबर 2026 की है। पीड़ित के पिता रामदास अपनी दुकान बंद करके घर लौट रहे थे। इसी दौरान उधारी के पैसों के लेन-देन को लेकर उनका आरोपियों के साथ विवाद हो गया। आरोप है कि बहस इतनी बढ़ गई कि आरोपियों ने आपा खो दिया और रामदास के ऊपर ज्वलनशील पदार्थ (पेट्रोल) छिड़क कर आग लगा दी। इस हमले में रामदास बुरी तरह झुलस गए थे। घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी थी।
घटना के बाद से ही आरोपी पुलिस से छिपते फिर रहे थे। 13 सितंबर को बिलसंडा थाने के उप-निरीक्षक जितेन्द्र कुमार और उनकी टीम को मुखबिर से सटीक सूचना मिली। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए बीसलपुर रोड स्थित गौहनिया तिराहे पर घेराबंदी की और दोनों नामजद आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान राजेश कुमार (43 वर्ष) पुत्र प्यारे लाल और उसके बेटे अनिकेत (20 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों आरोपी ग्राम भीकमपुर, थाना बिलसंडा के ही निवासी हैं। पुलिस ने बाप-बेटे के खिलाफ सभी आवश्यक विधिक कार्यवाही पूरी करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया है।
