पीलीभीत में खूनी संघर्ष: रामलीला कमेटी के हिसाब को लेकर फायरिंग, 3 की मौत; मुख्य आरोपी सहित 8 गिरफ्तार
Avneesh srivastav@express views
अमरिया (पीलीभीत)। जनपद के अमरिया कस्बे में सोमवार रात रामलीला कमेटी के आय-व्यय के हिसाब को लेकर दो पक्षों में हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दोनों गुटों के बीच हुई जमकर मारपीट और अंधाधुंध फायरिंग में तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सहित 8 लोगों को हिरासत में लिया है।
यह था विवाद का कारण
पुलिस के अनुसार, कस्बा अमरिया की रामलीला कमेटी के अध्यक्ष सूरज गुप्ता और सदस्य कौशल गुप्ता के बीच पिछले चार वर्षों के हिसाब-किताब को लेकर विवाद चल रहा था। 9 अक्टूबर को हुई कमेटी की बैठक में कौशल गुप्ता ने हिसाब मांगा था, जिसे लेकर दोनों के बीच मतभेद पैदा हो गए थे।
बैठक से लौटते समय हुआ खूनी संघर्ष
सोमवार 12 अक्टूबर रात लगभग 9:30 बजे दोनों पक्षों के लोग एक विद्यालय में आयोजित बैठक से लौट रहे थे। अमरिया कस्बे में जहां दोनों के घर व दुकानें हैं, वहां उनका आमना-सामना हो गया। पहले लाठी-डंडों से मारपीट शुरू हुई और फिर कौशल गुप्ता पक्ष के संतोष गुप्ता ने अपनी लाइसेंसी राइफल से फायरिंग कर दी।
फायरिंग में तीन की गई जान, एक घायल
इस खूनी संघर्ष और फायरिंग में तीन लोगों अंकित गुप्ता पुत्र नरेश गुप्ता, मोहित गुप्ता पुत्र नरेश गुप्ता कुणाल श्रीवास्तव पुत्र गुड्डू की मौत हो गई।

घटना में रोज गुप्ता पुत्र प्रदीप गुप्ता गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए बरेली रेफर किया गया है, जहां फिलहाल उनकी स्थिति सुरक्षित बताई जा रही है।
हथियार बरामद, 8 हिरासत में
तिहरे हत्याकांड की सूचना मिलते ही पीलीभीत के एसपी और बरेली के डीआईजी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मृतकों के परिजनों से मुलाकात की। पुलिस ने दबिश देकर मुख्य आरोपी सहित 8 लोग कौशल गुप्ता (मुख्य आरोपी), हर्षित गुप्ता (कौशल का भाई), नरेश गुप्ता (पिता), संतोष गुप्ता (चाचा व लाइसेंसी राइफल धारक), रचित गुप्ता, राकेश अरोड़ा, आशु और विक्की मौर्य को हिरासत में ले लिया है।
पुलिस ने घटना में इस्तेमाल 1 लाइसेंसी राइफल, 1 अवैध तमंचा, 2 कारें और खून से सने लाठी-डंडे बरामद किए हैं।
फिलहाल इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात है, लेकिन कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य है। पुलिस मृतकों के परिजनों से तहरीर प्राप्त कर मुकदमा दर्ज करने और आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी है।