नशे के कैप्सूलों का बड़ा जखीरा पकड़ा गया, 5.57 लाख से ज़्यादा कैप्सूल बरामद, एक गिरफ़्तार

पीलीभीत। पूरनपुर पुलिस ने माधौटांडा रोड पर मंडी के पास से नशीली दवाओं की बड़ी खेप पकड़ी है। पुलिस ने इस मामले में माधौटांडा थाना क्षेत्र के मोहल्ला जामा मस्जिद निवासी दानिश पुत्र राशिद खान को गिरफ़्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक़ आरोपी के पास से और उसकी निशानदेही पर बने एक अवैध गोदाम से कुल 43 कार्टन बरामद हुए। इनमें 5,57,760 नशीले कैप्सूल भरे थे, जिनकी अनुमानित क़ीमत क़रीब 50 लाख रुपये बताई जा रही है। मौके से एक मोटरसाइकिल और एक एप्पल कंपनी का मोबाइल फ़ोन भी मिला है।
आरोपी के ख़िलाफ़ थाना पूरनपुर में मुक़दमा अपराध संख्या 446/2026 पर एनडीपीएस एक्ट की धारा 8, 21 और 22 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
