12 नवंबर से शुरू होगा मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान: डीएम
- अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील

Mohit kumar@express views
पीलीभीत। जिले में 12 नवंबर से मतदाता सूची के संक्षिप्त पुनरीक्षण का कार्यक्रम शुरू हो रहा है। जिलाधिकारी ने सभी जनपदवासियों से इस अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की है।
इस अभियान के तहत ऐसे सभी नए मतदाता जिनकी आयु 18 वर्ष पूरी हो चुकी है, वे फॉर्म 6 भरकर अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज करा सकते हैं। इसके अलावा, फॉर्म 7 और 8 के माध्यम से मतदाता सूची में नाम हटाने या किसी भी प्रकार का संशोधन कराने की प्रक्रिया भी की जा सकेगी।
पीलीभीत विधानसभा में 10,500 नामों में त्रुटियां
जिलाधिकारी ने जानकारी दी कि 127 पीलीभीत विधानसभा क्षेत्र में करीब 10,500 मतदाताओं के नाम त्रुटिपूर्ण पाए गए हैं। इन नामों में संशोधन की सख्त आवश्यकता है, जो केवल फॉर्म 8 के माध्यम से ही संभव है।
डीएम ने ऐसे सभी मतदाताओं से आग्रह किया है जिनके नामों में कोई गलती है, वे तत्काल अपने संबंधित बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) से संपर्क करें। उन्होंने कहा कि मतदाता अपने साक्ष्यों के साथ फॉर्म 8 भरकर बीएलओ को उपलब्ध कराएं, क्योंकि बिना फॉर्म 8 के किसी भी प्रकार का संशोधन संभव नहीं होगा।
जनप्रतिनिधियों से सहयोग की अपील
जिलाधिकारी ने जिले के सभी जनप्रतिनिधियों से भी इस अभियान में पूर्ण सहयोग प्रदान करने का अनुरोध किया है। उन्होंने अपील की है कि जनप्रतिनिधि अपने क्षेत्रों में ऐसे मतदाताओं को प्रेरित करें जिनके नाम छूट गए हैं या जिनके नामों में संशोधन होना है, ताकि वे फॉर्म 6, 7 और 8 भरकर इस प्रक्रिया को समय पर पूरा कर सकें।
