असंतुलित बाइक ने मारी टक्कर, चार घायल
बरखेड़ा। पीलीभीत–बीसलपुर मार्ग पर रविवार दोपहर करीब तीन बजे एक अनियंत्रित बाइक ने आगे चल रही बाइक में टक्कर मारने के बाद सड़क किनारे खड़े ई-रिक्शा में जा भिड़ी। हादसे में दोनों बाइकों पर सवार चार लोग घायल हो गए, जिनमें एक युवक को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम अलियापुर निवासी रामू 25 गांव के ही बाबू 14 को बाइक पर बैठाकर बरखेड़ा की ओर आ रहा था। गाजीपुर मुगल के पास उसकी बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और आगे चल रही मो. याकूब की बाइक से जा टकराई। टक्कर लगने से याकूब की बाइक पर पीछे बैठी उनकी पत्नी रेशमा निवासी नकटी नारायनपुर, थाना क्योंलड़िया, बरेली सड़क पर गिरकर घायल हो गईं, जबकि याकूब को भी चोटें आईं।
इसी दौरान अनियंत्रित बाइक पास ही खड़े एक ई-रिक्शा से जा भिड़ी, जिससे रामू और बाबू भी सड़क पर गिरकर घायल हो गए। गनीमत रही कि ई-रिक्शा में सवार किसी व्यक्ति को चोट नहीं आई और वे सुरक्षित अपने गंतव्य को चले गए।
आसपास के लोगों की मदद से दोनों बाइकों पर सवार चारों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरखेड़ा ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने रामू की हालत गंभीर देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।