सड़क निर्माण कार्य में घटिया सामग्री के इस्तेमाल को लेकर ग्रामीणों का विरोध प्रदर्शन

बरखेड़ा। गजरौला मार्ग पर गांव भोपतपुर मोड़ से बुहिता तक चौड़ीकरण के तहत चल रहे नई सड़क निर्माण कार्य में कथित तौर पर घटिया और मानक विहीन सामग्री के इस्तेमाल को लेकर ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया।
ग्राम पिपरिया मंडन के पास हो रहे डामर सड़क के निर्माण कार्य में बजरी के साथ तारकोल की मात्रा कम मिलाए जाने का आरोप लगाते हुए बड़ी संख्या में ग्रामीण निर्माण स्थल पर एकत्र हुए और नाराजगी जताई। प्रदर्शन के दौरान आक्रोशित ग्रामीणों ने कुछ स्थानों पर डामर की परत को हाथों से उखाड़कर मौके पर मौजूद मीडिया को दिखाया।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि इसी तरह कम मात्रा में सामग्री मिलाकर सड़क बनाई गई, तो यह कुछ ही दिनों में उखड़ जाएगी और पहले से भी बड़े गड्ढे बन जाएंगे। उन्होंने सवाल उठाया कि जो सड़क अभी हाथों से ही उखड़ रही है, वह आखिर कितने दिन टिक पाएगी।
विरोध जताने के लिए मौके पर सैकड़ों ग्रामीण जुट गए। ग्रामीणों ने संबंधित निर्माण विभाग के अधिकारियों से मांग की है कि ठेकेदार को निर्धारित मानकों और सही मात्रा में सामग्री के साथ सड़क निर्माण करने के निर्देश दिए जाएं।
विरोध करने बालो में पवन कुमार ब्लॉक अध्यक्ष राष्ट्रीय बजरंग दल,योगेंद्र कुमार, सुनील कुमार, अजय कुमार, निवासी परेवा अनूप सहित दर्जनों ग्रामीण मौजूद थे।
पूछे जाने पर अधिशाषी अभियंता एस के जैन ने बताया कि शिकायत आने पर काम को रकबा दिया गया हैं जितनी दूरी में कम सामिग्री डालकर सड़क बनाई गई हैं उसे उखाड़ कर नई सड़क डलबाई जा रही हैं।
