हादसा: ऑक्सीजन सिलेंडर लदी पिकअप की टक्कर से महिला गंभीर घायल
बरखेड़ा,पीलीभीत।पीलीभीत-बीसलपुर मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना का मामला सामने आया है। यहाँ इलाहाबाँस देवस्थल मेला में देवी की पूजा करने जा रहे एक परिवार की मोटरसाइकिल को ऑक्सीजन सिलेंडर से भरी एक लोडर पिकअप ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि उनके पति और पुत्र बाल-बाल बच गए।आज सुबह क्षेत्र के ग्राम मुड़िया हुलास निवासी दुर्वेश अपनी पत्नी उषा देवी और पुत्र वैभव के साथ मोटरसाइकिल से दियोरिया कोतवाली क्षेत्र स्थित इलाहाबाँस देवल सिद्ध स्थान पर पूजा करने जा रहे थे। जब वे पीलीभीत-बीसलपुर मार्ग पर ग्राम नवादा महेश के पास पहुंचे, तभी बीसलपुर की ओर से आ रही ऑक्सीजन सिलेंडर से भरी एक लोडर पिकअप गाड़ी ने उनकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगने से तीनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर घायल हो गए।घटना के बाद मौके पर मौजूद राहगीरों ने तुरंत इसकी सूचना एम्बुलेंस को दी।
एम्बुलेंस की मदद से तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरखेड़ा पहुंचाया गया। वहाँ चिकित्सकों ने महिला उषा देवी की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। वहीं, उनके पति दुर्बेश और पुत्र वैभव को हल्की चोटें आईं, जिनका प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया है।दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस हरकत में आ गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दुर्घटना को अंजाम देने वाली पिकअप लोडर गाड़ी को अपने कब्जे में ले लिया है अभी कोई लिखित शिकायत थाने में नही दी गई हैं।
