Latest Posts
   
home उत्तरप्रदेश पीलीभीत राज्य राष्ट्रीय 

जनसमस्याओं को लेकर NSUI ने डीएम को सौंपा ज्ञापन

पीलीभीत । विकास खंड मरौरी के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत न्यूरिया खुर्द की वर्षों से लंबित मूलभूत समस्याओं और जर्जर आधारभूत ढाँचे को लेकर बुधवार को एनएसयूआई (NSUI) के प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी से मुलाकात की। एनएसयूआई के जिलाध्यक्ष राजेश कुमार वर्मा के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन के माध्यम से ग्रामीणों की समस्याओं के शीघ्र निस्तारण की पुरजोर माँग की गई।

जिलाधिकारी को सौंपे गए ज्ञापन में एनएसयूआई जिलाध्यक्ष ने अवगत कराया कि ग्राम पंचायत न्यूरिया खुर्द में राजीव गांधी सेवा केंद्र (पंचायत भवन) का निर्माण कार्य पिछले 8 वर्षों से अधूरा लटका हुआ है। आलम यह है कि इतने लंबे समय बाद भी भवन का लिंटर तक नहीं डाला जा सका है, जिसके कारण ग्राम पंचायत को आज तक अपना स्थायी पंचायत भवन नसीब नहीं हो पाया है।

प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि स्थायी पंचायत कार्यालय न होने के कारण वर्तमान में पंचायत का कार्य एक छोटे से अस्थायी कार्यालय से संचालित किया जा रहा है। स्थिति यह है कि वहाँ मात्र एक से दो लोगों के बैठने की ही जगह है। इसके चलते पंचायत के प्रशासनिक कार्यों के संचालन के साथ-साथ रोज़मर्रा के कामों के लिए आने वाले ग्रामीणों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

ज्ञापन के माध्यम से ग्राम पंचायत की जर्जर सड़कों के नवनिर्माण, खड़ंजा एवं सीसी मार्गों की तत्काल मरम्मत, सार्वजनिक सुविधाओं के विस्तार तथा वर्षों से अटके विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने का अनुरोध किया गया। इस दौरान एनएसयूआई जिलाध्यक्ष राजेश कुमार वर्मा ने कहा कि न्यूरिया खुर्द की जनता लंबे समय से मूलभूत सुविधाओं से वंचित है, इसलिए जनहित में इन समस्याओं का जल्द से जल्द समाधान किया जाए।

ज्ञापन सौंपने के दौरान एनएसयूआई जिलाध्यक्ष राजेश कुमार वर्मा के साथ कांग्रेस अनुसूचित जाति जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र पासवान, लीगल सेल जिलाध्यक्ष राजीव गंगवार, लीगल सेल (कांग्रेस) के राजेंद्र कुमार मिश्रा एडवोकेट, सौरभ तथा हरि ओम प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

Current News

Leave a Comment

error: Content is protected !!