कांवड़ियों की सुरक्षा को लेकर हिंदू महासभा ने सौंपा ज्ञापन
बरखेड़ा/पीलीभीत। सावन मास में क्षेत्र से गुजरने वाले कांवड़ियों की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाए जाने की मांग को लेकर मंगलवार को हिंदू महासभा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता थाना बरखेड़ा पहुंचे। उन्होंने थाना प्रभारी निरीक्षक सतेंद्र कुमार को ज्ञापन सौंपकर यात्रा मार्ग पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जाने की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया कि सावन मास के दौरान बड़ी संख्या में शिवभक्त कांवड़ यात्रा पर निकलते हैं। ऐसे में यात्रा मार्ग पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा या सुरक्षा संबंधी समस्या का सामना न करना पड़े।
थाना प्रभारी निरीक्षक सतेंद्र कुमार ने ज्ञापन प्राप्त कर कांवड़ियों की सुरक्षा और क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर हिंदू महासभा के नगर अध्यक्ष गंगा प्रकाश, राजेंद्र राठौर, दिनेश राठौर, मोहित वर्मा, दीपक कुमार, सौरभ कुमार, पंकज कठेरिया सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
