पानी से हड़कम्प,एक बच्चा सहित 2 डूबे
बरेली। आंवला तहसील क्षेत्र में 24 घंटे के भीतर पानी में डूबने की दो दर्दनाक घटनाओं ने हर किसी को झकझोर दिया है। एक ओर गुरु पूर्णिमा पर रामगंगा घाट में स्नान के दौरान 22 वर्षीय युवक गोपाल गंगा में डूब गया, वहीं दूसरी ओर मंगलवार को बारिश के दौरान नाले में बहा 8 वर्षीय दिव्यांग बालक प्रीत 24 घंटे बाद भी लापता है। दोनों की तलाश में प्रशासन का रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है।
आंवला के रोहतापुर रामगंगा घाट पर आज गुरु पूर्णिमा के अवसर पर स्नान के दौरान महोबा गांव निवासी 22 वर्षीय गोपाल गहरे पानी में चला गया और तेज बहाव में डूब गया। सूचना मिलते ही एडीएम संतोष कुमार, एसडीएम सुशील कुमार मिश्रा, सीओ हेमंत उपाध्याय, नायब तहसीलदार दीप्ति पाल, पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और तलाश शुरू की, लेकिन कई घंटे बाद भी उसका कोई पता नहीं चल सका।वहीं मंगलवार को आंवला के मोहल्ला खेड़ा में मूसलाधार बारिश के दौरान नंदराम प्रजापति का 8 वर्षीय दिव्यांग बेटा प्रीत नाले में बह गया था। 24 घंटे से अधिक समय बीतने के बावजूद उसका भी कोई सुराग नहीं मिला है। नगर पालिका चेयरमैन आबिद अली, ईओ प्रदीप गिरी और कोतवाल बीनू सिंह की मौजूदगी में पुलिस, एसडीआरएफ, पीएसी, नगर पालिका और अग्निशमन विभाग की टीमें नाले, झाड़ियों और रामगंगा क्षेत्र में लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही हैं। दोनों घटनाओं से पूरे आंवला क्षेत्र में शोक का माहौल है, जबकि प्रशासन का कहना है कि रेस्क्यू अभियान तब तक जारी रहेगा, जब तक दोनों का पता नहीं चल जाता।
