खेत में यूकिलिप्टस के पेड़ से लटका मिला बीएससी एग्रीकल्चर छात्र का शव, जांच में जुटी पुलिस
बरखेड़ा (पीलीभीत)। बरखेड़ा थाना क्षेत्र के गाँव भैसहा ग्वालपुर में शुक्रवार शाम एक 22 वर्षीय छात्र का शव खेत में यूकिलिप्टस के पेड़ से प्लास्टिक की रस्सी के सहारे लटका मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान रामस्वरूप वर्मा के पुत्र कपिल वर्मा के रूप में हुई है। सूचना पर पहुँची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
परिजनों के अनुसार, कपिल शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे घर से निकला था। काफी देर तक वापस न लौटने पर उसके छोटे भाई संजीव ने खोजबीन शुरू की। शाम करीब चार बजे घर से 500 मीटर दूर पातीराम के खेत में कपिल का शव पेड़ से लटका मिला। घटना के बाद से परिवार में चीख-पुकार मची है।
परिजनों ने बताया कि कपिल पढ़ने में काफी मेधावी था। वह बी.फार्मा पूरा करने के बाद वर्तमान में फर्रुखाबाद से ‘बीएससी एग्रीकल्चर’ अंतिम वर्ष की पढ़ाई कर रहा था। मृतक चार भाइयों में सबसे छोटा था; उसके दो बड़े भाई भारतीय नौसेना (Indian Navy) में कार्यरत हैं, जबकि तीसरा भाई खेती करता है।
घटनास्थल की छानबीन के दौरान पुलिस को मृतक के पास से एक मोबाइल फोन और कीटनाशक दवा की शीशी बरामद हुई है, जिसे पुलिस ने जाँच के लिए अपने कब्जे में ले लिया है।
“प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालाँकि मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। रिपोर्ट के आधार पर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।”
— राहुल पांडेय, क्षेत्राधिकारी (बीसलपुर)
