गौशाला की गाय को तेंदुए ने बनाया निवाला, ग्रामीणों में फैली दहशत
बरखेड़ा: क्षेत्र के ग्राम रामनगर जगतपुर स्थित अस्थायी गौशाला में बीती मंगलवार की रात एक तेंदुआ तार की बाउंड्रीकूदकर अंदर घुस गया। तेंदुए के हमले से गौशाला में बंधी गायों में अफरातफरी मच गई। एक गाय डर के मारे बाउंड्री कूदकर अपनी जान बचाने के लिए भागी, लेकिन तेंदुए ने उसका पीछा किया और गौशाला से करीब 500 मीटर दूर एक खेत में उसे दबोचकर मार डाला। घटना के समय डर के कारण चौकीदार राना बाबू अपने कमरे से बाहर नहीं निकल सका।बुधवार सुबह खोजबीन करने पर गाय का आधा-खाया हुआ शव एक खेत में पड़ा मिला। घटना की सूचना तत्काल ग्राम प्रशासक कुंदनलाल द्वारा वन विभाग और पशु चिकित्साधिकारी बरखेड़ा को दी गई। सूचना मिलते ही प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया। पशु चिकित्साधिकारी बरखेड़ा डॉ. हरपाल ने बताया कि मृत गाय के शव का नियमानुसार पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद ग्राम प्रशासक और वन विभाग की टीम की मौजूदगी में शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। वन क्षेत्राधिकारी रोहित जोशी ने बताया कि मौके पर पहुंचकर टीम ने बारीकी से जांच की है, जहां तेंदुए के पगचिन्ह जैसे निशान मिले हैं। हालांकि, मौके पर घास अधिक होने के कारण पगचिन्ह अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो सके हैं, लेकिन प्राथमिक अनुमान यही लगाया जा रहा है कि गाय को अपना शिकार बनाने वाला तेंदुआ ही है।
तेंदुए के इस प्रकार आबादी के नजदीक व गौशाला तक पहुंच जाने और मवेशी को निवाला बनाने की घटना से आसपास के ग्रामीणों में भारी दहशत और भय का माहौल है। ग्रामीण अपनी और अपने मवेशियों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।