पीलीभीत: खाद्य पदार्थों में मिलावट पर हिन्दू महासभा ने डीएम को सौंपा ज्ञापन, जांच और कार्रवाई की मांग
पीलीभीत। जनपद में खाद्य पदार्थों में बढ़ती मिलावट और जनस्वास्थ्य से जुड़े गंभीर मुद्दों को लेकर अखिल भारत हिन्दू महासभा ने कड़ा रुख अपनाते हुए मंगलवार को संगठन के जिलाध्यक्ष पंडित पंकज शर्मा के नेतृत्व में जिलाधिकारी को एक विस्तृत ज्ञापन सौंपकर मिलावटखोरों पर नकेल कसने और खाद्य सुरक्षा विभाग की जवाबदेही तय करने की मांग की।
ज्ञापन में देशभर सहित पीलीभीत में नकली सॉस, सिंथेटिक दूध, मिलावटी घी, तेल, मसाले और मिठाइयों के बढ़ते मामलों पर चिंता जताई गई। संगठन ने कहा कि जनपद में हाल ही में हल्दी के नमूने में मिली गंभीर मिलावट ने स्थिति की गंभीरता को उजागर कर दिया है। इससे बाजारों, डेयरियों, गोदामों, ढाबों और निर्माण इकाइयों में बिकने वाली दैनिक खाद्य सामग्री की शुद्धता पर बड़ा प्रश्नचिह्न लग गया है।
हिन्दू महासभा ने खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई को केवल औपचारिकता करार दिया। संगठन का आरोप है कि विभाग केवल कुछ नमूने लेकर प्रेस विज्ञप्ति जारी करने तक सीमित है, जिससे मिलावटखोरों के हौसले बुलंद हैं। संगठन ने सवाल किया कि पिछले वर्षों में कितनी इकाइयों का निरीक्षण हुआ और कितनों पर कठोर कार्रवाई की गई। साथ ही, मिलावटखोरी के कारण कैंसर, लिवर और किडनी जैसी गंभीर बीमारियों के बढ़ते मामलों का हवाला देते हुए लापरवाह अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग की गई।
पंकज शर्मा ने कहा कि दूध, पनीर, घी, तेल, मसाले, मिठाई, सॉस व अन्य दैनिक खाद्य सामग्रियों के बड़े पैमाने पर नमूने लेकर वैज्ञानिक जांच कराई जाए। दोषी प्रतिष्ठानों और निर्माण इकाइयों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई कर विवरण सार्वजनिक किया जाए। खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्यप्रणाली की निष्पक्ष समीक्षा हो और मासिक कार्रवाई रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए। मिलावटखोरों को संरक्षण देने या लापरवाही बरतने वाले संबंधित अधिकारियों पर विभागीय कार्रवाई हो।
ज्ञापन सौंपने वालों में जिलाध्यक्ष पंडित पंकज शर्मा, युवा जिलाध्यक्ष गौरव शर्मा, युवा जिला महामंत्री आयुष सक्सेना, जितेंद्र मौर्य, मनोज वर्मा, प्रमोद कश्यप, योगी गंगवार, अजय शर्मा, आकाश, राहुल मिश्रा, अर्जुन ठाकुर, यज्ञ स्वरूप, रामवीर, प्रदीप सिंह, सर्वेश कश्यप, राहुल राठौर, अनिल वंशवाल तथा कविता वंशवाल सहित कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
