Latest Posts
   
home उत्तरप्रदेश पीलीभीत राज्य राष्ट्रीय 

पुलिस ने की मॉडिफाइड साइलेंसर वाली 4 बाइकें सीज, 12 के कटे चालान

पीलीभीत। शहर की सड़कों पर बुलेट मोटरसाइकिल में मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर तेज आवाज करते हुए फर्राटा भरने वाले चालकों पर पीलीभीत यातायात पुलिस ने सख्त एक्शन लिया है। पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव के सख्त निर्देशों के बाद जिले भर में चलाए गए विशेष चेकिंग अभियान के तहत 4 बुलेट मोटरसाइकिलों को सीधे सीज कर दिया गया है, जबकि 12 वाहनों का चालान काटा गया है।

सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने और ध्वनि प्रदूषण पर लगाम लगाने के उद्देश्य से क्षेत्राधिकारी (यातायात) के पर्यवेक्षण में 12 और 13 सितंबर को यह विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। प्रभारी यातायात और यातायात पुलिस की टीम ने जिले के विभिन्न चौराहों और प्रमुख मार्गों पर बैरिकेडिंग कर सघन चेकिंग की। इस दौरान पुलिस के निशाने पर मुख्य रूप से वे बुलेट सवार रहे, जिन्होंने अपनी बाइक में कंपनी के निर्धारित साइलेंसर हटाकर तेज आवाज वाले मॉडिफाइड साइलेंसर लगा रखे थे।

मॉडिफाइड साइलेंसर के प्रयोग से न केवल भारी ध्वनि प्रदूषण होता है, बल्कि इससे अचानक निकलने वाली तेज आवाज  से सड़क पर चलने वाले अन्य वाहन चालकों, राहगीरों, बुजुर्गों और मरीजों को भारी असुविधा होती है। कई बार अचानक हुई इस तेज आवाज से घबराकर लोग हादसों का शिकार भी हो जाते हैं।

पुलिस महकमे ने बुलेट और अन्य दोपहिया वाहन चालकों को सख्त चेतावनी देते हुए साफ कर दिया है कि नियमों की अनदेखी कर सड़कों पर शोर मचाने वाले वाहनों के खिलाफ नरमी नहीं बरती जाएगी। मॉडिफाइड साइलेंसर के खिलाफ यातायात पुलिस का यह धरपकड़ अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

Current News

Leave a Comment

error: Content is protected !!