Latest Posts
   
home उत्तरप्रदेश पीलीभीत राज्य राष्ट्रीय 

युवक ने लगाई फांसी, मेले गए थे भाई और ड्यूटी पर थे होमगार्ड पिता, मौत से पसरा मातम

बरखेड़ा/पीलीभीत।बरखेड़ा क्षेत्र के ग्राम भोपतपुर में मंगलवार शाम एक हृदय विदारक घटना सामने आई, जहां एक 20 वर्षीय युवक ने संदिग्ध परिस्थितियों में कमरे के अंदर फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। घटना के समय घर पर कोई पुरुष मौजूद नहीं था। बेटे का शव फंदे पर लटकता देख मां की चीख निकल गई, जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, भोपतपुर निवासी जगदीश प्रसाद का 20 वर्षीय पुत्र अरविंद कुमार मंगलवार शाम करीब छह बजे घर के अंदर एक कमरे में छत के कुंडे से रस्सी के सहारे लटकता पाया गया। जब मां किसी काम से कमरे के अंदर गई, तो बेटे को फंदे पर झूलता देख उनके होश उड़ गए और उन्होंने शोर मचाना शुरू कर दिया। उस वक्त घर में कोई पुरुष सदस्य मौजूद नहीं था। मृतक के दोनों भाई गांव में ही लगा मेला देखने गए हुए थे, जबकि पिता जगदीश प्रसाद अपनी ड्यूटी के लिए जहानाबाद थाने जा रहे थे और उस समय पीलीभीत शहर तक ही पहुंचे थे।

मां की चीख-पुकार और शोर सुनकर पड़ोसियों के माध्यम से मेले में गए दोनों भाइयों को सूचना दी गई। खबर मिलते ही दोनों भाई बदहवास हालत में दौड़कर घर पहुंचे। जिंदगी की आखिरी आस में उन्होंने तुरंत हंसिये से रस्सी काटकर अरविंद को नीचे उतारा और आनन-फानन में बरखेड़ा स्थित एक निजी चिकित्सक के पास ले गए। लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी, जांच के बाद चिकित्सक ने अरविंद को मृत घोषित कर दिया।

जवान बेटे की मौत की खबर सुनते ही पूरे परिवार में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों के मुताबिक, मृतक अरविंद तीन भाइयों में मंझला था। उसके बड़े भाई अजीत की शादी हो चुकी है और पूरा परिवार एक साथ ही रहता है। मृतक के पिता जगदीश प्रसाद ने बताया कि घर में किसी प्रकार का कोई क्लेश या विवाद नहीं था। बेटे ने अचानक यह आत्मघाती कदम क्यों उठाया, यह किसी को समझ नहीं आ रहा है। फिलहाल, पिता ने इस हृदय विदारक घटना में किसी भी प्रकार की पुलिस या कानूनी कार्रवाई करने से साफ इनकार कर दिया है।

Current News

Leave a Comment

error: Content is protected !!