Latest Posts
   
home उत्तरप्रदेश पीलीभीत राज्य राष्ट्रीय 

पीलीभीत: रामलीला में सजीव हुआ पुष्प वाटिका और गौरी पूजन का मनमोहक प्रसंग

पीलीभीत। श्री रामलीला महोत्सव संचालन समिति के तत्वावधान में शहर के स्थानीय लक्ष्मी नारायण बगिया मंदिर में चल रही रामलीला के अंतर्गत गुरुवार को पुष्प वाटिका लीला और गौरी पूजन का सजीव एवं मनमोहक मंचन किया गया। सीता जी द्वारा गौरी माता से वरदान प्राप्ति के प्रसंग को देखकर उपस्थित श्रद्धालु भावविभोर हो उठे।

लीला के मंचन में दिखाया गया कि गुरु मुनि विश्वामित्र की पूजा-अर्चना के लिए प्रभु राम और लक्ष्मण पुष्प लेने के लिए वाटिका पहुंचते हैं। उसी समय जनक नंदिनी सीता भी अपनी सखियों के साथ गौरी पूजन के लिए वहां आती हैं। लक्ष्मण, प्रभु राम को बताते हैं कि प्रतीत होता है कि यही जनक पुत्री सीता हैं। उधर, सीता जी की सखियां उन्हें बताती हैं कि ये दोनों अयोध्या के महाराज दशरथ के पुत्र राम और लक्ष्मण हैं, जो मुनि विश्वामित्र के साथ स्वयंवर में पधारे हैं। प्रभु श्रीराम के दर्शन कर सीता जी मन ही मन हर्षित होती हैं।

इसके बाद सीता जी मंदिर में जाकर माता गौरी की विधि-विधान से पूजा-अर्चना करती हैं और जगतजननी से अपनी मनोकामना पूर्ण करने की प्रार्थना करती हैं। तभी माता गौरी के हाथों में चढ़ा पुष्पहार प्रसाद स्वरूप सीता जी के ऊपर आ गिरता है। माता का यह आशीर्वाद और वरदान पाकर सीता जी अत्यंत प्रसन्न होती हैं और अपनी सखियों के साथ राजमहल लौट जाती हैं।

रामलीला मंचन का सफल संचालन संजय पांडेय ने किया। वहीं, रामायणी निशांत तिवारी और अंकुर मिश्रा ने रामचरितमानस की चौपाइयों का सुमधुर गायन कर पूरे वातावरण को राममय बना दिया।

इस अवसर पर महंत ओमकार नाथ, सुनील मिश्रा, अमरीश शर्मा अंबू, पीयूष सक्सेना एडवोकेट, नरेश शुक्ला, राकेश लोधी, प्रेम सिंह, रमाकांत पांडेय, आयुष सक्सेना, संजीव शर्मा, प्रतीक अग्रवाल टिन्नी, अवनीश शर्मा, अमित जौहरी, आकाश कश्यप, विनीत शर्मा, हिमांशु कश्यप, पुनीत शर्मा और सोमनाथ सप्रे सहित बड़ी संख्या में समिति के पदाधिकारी व भक्तगण उपस्थित रहे।

Current News

Leave a Comment

error: Content is protected !!